स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले गैंग का खुलासा, 6 गिरफ्तार
Tags: noida crime, NOIDA NEWS, noida plice, School bus, STF team noida- ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए ठगी भी करते हैं जालसाज
Noida News
नोएडा यूनिट एसटीएफ टीम ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी गैंग का संबंध नोएडा के स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल से है। धमकी वाले मेल से जुड़े रिकवरी ई-मेल में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमीरा जंग कारकी (नेपाल), अनंत कुमार (आगरा), दिव्यांशु (बिहार), साहिल कुमार (बिहार), लेखनाथ शर्मा (नेपाल) और केदारनाथ (नेपाल) शामिल हैं। सभी फिलहाल गाजियाबाद के इंदिरापुरम और शाहबेरी इलाके में रह रहे थे।
Noida STF अधिकारियों ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को गौतमबुद्धनगर के कई स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि धमकी वाला ई-मेल अमेरिका से भेजा गया था, लेकिन उससे जुड़ा रिकवरी ई-मेल भारत और बांग्लादेश से कनेक्ट था। तकनीकी जांच करते-करते टीम गाजियाबाद शाहबेरी इलाके तक पहुंची, जहां एक फ्लैट में कॉल सेंटर जैसा सेटअप चल रहा था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप चलाते थे और कॉल सेंटर के जरिए अमेरिका, भारत और नेपाल के लोगों को झांसा देकर पैसा लगवाते थे। वे अमेरिकी नामों से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ग्राहकों से संपर्क करते थे। अपनी असली लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन और फेक जीपीएस ऐप का इस्तेमाल करते थे।
छापेमारी में 4 लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन, 2 नेपाली पासपोर्ट, 12 फर्जी आधार कार्ड, 4 पैन कार्ड, 16 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। करीब 19,500 रुपये नकद भी मिले हैं। मुख्य आरोपी अमीष ने ऑस्ट्रेलिया से पढ़ाई की है और पहले एक कंपनी में काम कर चुका है। वहीं अन्य आरोपी इंटरमीडिएट पास हैं और पहले कॉल सेंटर में काम कर चुके हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। एसटीएफ अब धमकी वाले बेट मेल की गहराई से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।