अलख पांडे ने कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए दिए 22 लाख रुपये, चाइल्ड पीजीआई पहुंचे
नोएडा। फिजिक्स वाला के संस्थापक और सीईओ अलख पांडे ने कैंसर से जूझ रहे बच्चों के इलाज के लिए 22 लाख रुपये की सहायता राशि दान की है। गुरुवार को उन्होंने नोएडा स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ (चाइल्ड पीजीआई) का दौरा किया और कैंसर वार्ड में भर्ती बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात की।
दरअसल, अलख पांडे को उत्तर प्रदेश राज्य दिवस समारोह 2025-26 के अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार देशभर में गुणवत्तापूर्ण और किफायती शिक्षा को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों के लिए दिया गया। ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से लाखों छात्रों तक पहुंच बनाकर उन्होंने शिक्षा के लोकतंत्रीकरण में अहम भूमिका निभाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अलख पांडे ने परोपकार का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पुरस्कार राशि के रूप में मिले 11 लाख रुपये को चाइल्ड पीजीआई में कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज और सहयोग के लिए दान कर दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने व्यक्तिगत फंड से भी 11 लाख रुपये जोड़कर कुल 22 लाख रुपये का योगदान दिया। इस राशि का उपयोग बच्चों के इलाज, दवाइयों और मरीज सहायता सेवाओं को मजबूत करने में किया जाएगा।
कैंसर वार्ड के दौरे के दौरान अलख पांडे ने बच्चों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई जारी रखने, सकारात्मक सोच रखने और भविष्य के प्रति उम्मीद बनाए रखने की सलाह दी। बच्चों और अभिभावकों ने बताया कि उनकी उपस्थिति से वार्ड में उत्साह और उम्मीद का माहौल बन गया।
पीजीआई प्रशासन ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे योगदान से मरीज सहायता सेवाओं को मजबूती मिलती है और इलाज करा रहे बच्चों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों की भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव संभव है।