कूड़ा डालने के विरोध में सफाई कर्मचारी पर हमला, दुकानदार गिरफ्तार
Noida news
मामूरा गांव में सफाई कर्मचारी से मारपीट और पत्थरबाजी
नोएडा: सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव के पास चिह्नित स्थान पर कूड़ा एकत्र करने के विरोध में दुकानदार और उसके साथियों ने नोएडा अथॉरिटी के सफाई कर्मचारी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले कर्मचारी के साथ मारपीट की और फिर उसका पीछा कर पत्थरबाजी की। घटना के बाद फेज-तीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला बुलंदशहर के रसूलगढ़ गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह नोएडा अथॉरिटी में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह रोजाना की तरह सेक्टर-66 स्थित कार मार्केट के पास कूड़ा एकत्र करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां दुकान करने वाला मारुफ मौके पर पहुंचा और कूड़ा डालने का विरोध करने लगा। आरोप है कि उसने मनोज को पकड़कर हाथापाई शुरू कर दी।
वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई
पीड़ित के अनुसार, मारुफ के साथ अन्य लोग भी डंडे और पत्थर लेकर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी पीछे दौड़े, जिससे मनोज किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचा सका। घटना का छह सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग सड़क से पत्थर उठाकर फेंकते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पक्ष की ओर से पत्थरबाजी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सफाई कर्मचारी से मारपीट के आरोप में मारुफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।