पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की अप्रकाशित किताब लीक, दिल्ली पुलिस ने पेंगुइन को भेजा नोटिस
Delhi news
दिल्ली: पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी किताब “फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” के कथित लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी किया है और कई सवालों के जवाब मांगे हैं।
सोशल मीडिया और वेबसाइट्स पर प्री-प्रिंट कॉपी होने का दावा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ न्यूज फोरम्स पर दावा किया गया था कि किताब की प्री-प्रिंट पीडीएफ कॉपी इंटरनेट पर साझा की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि “फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” शीर्षक से टाइपसेट की गई एक पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध है, जो कथित रूप से पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा तैयार की गई प्रतीत होती है। इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर किताब का फाइनल कवर भी बिक्री के लिए उपलब्ध होने की तरह प्रदर्शित किया गया था।
गोपनीयता उल्लंघन और कॉपीराइट जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह मामला संभावित गोपनीयता उल्लंघन और कॉपीराइट नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि पुस्तक को अभी आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है। स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन कैसे पहुंची, इसमें किन लोगों या संस्थाओं की भूमिका रही और क्या किसी तरह का कानूनी उल्लंघन हुआ है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।