नोएडा में 12 साल के बच्चे ने की आत्महत्या, टीवी देखने से रोकने पर उठाया खौफनाक कदम
नोएडा से दिल दहला देने वाली घटना
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मोबाइल फोन और कोरियन कंटेंट पर रोक से जुड़ी कथित घटनाओं के बाद अब नोएडा से भी एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। थाना फेस-2 क्षेत्र के नगला चरण दास गांव में करीब 12 साल के एक बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मां द्वारा टीवी देखने से मना करने और स्कूल न जाने पर डांटने से नाराज होकर बच्चे ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना 3 फरवरी की बताई जा रही है।
5वीं कक्षा का छात्र था बच्चा
गांव नगला चरण दास निवासी अमित का बेटा गोलू कक्षा 5 का छात्र था। पुलिस के अनुसार गोलू अक्सर स्कूल जाने से बचने के लिए बहाने बनाता था। घटना वाले दिन भी वह स्कूल नहीं जाना चाहता था और टीवी देखने की जिद कर रहा था। इस पर माता-पिता ने उसे डांट दिया और केबल कनेक्शन हटाने की बात कही।
घर में अकेलेपन में उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि गोलू के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। मां और सौतेले पिता दोनों पास की एक कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि उसकी बड़ी बहन स्कूल गई हुई थी। जब परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर चले गए, तभी गोलू ने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
बच्चों की मानसिक स्थिति पर उठे सवाल
इस घटना ने बच्चों की मानसिक स्थिति, डिजिटल कंटेंट की लत और पारिवारिक संवाद की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों पर अत्यधिक दबाव और संवाद की कमी ऐसे मामलों को बढ़ावा दे सकती है।