मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से मजदूरी! किताबों की जगह ईंटें ढोते दिखे नौनिहाल, वीडियो वायरल

 
चौबेपुर विकासखंड के स्कूल से सामने आया शर्मनाक मामला

कानपुर बिल्हौर। चौबेपुर विकासखंड क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल ड्रेस में पढ़ाई के लिए पहुंचे नन्हे बच्चों से किताब-कॉपी की बजाय ईंटें ढुलवाई जा रही थीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो में अध्यापिका बच्चों से करा रहीं निर्माण कार्य

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे भारी ईंटें उठाकर स्कूल परिसर में इधर-उधर ढो रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें बच्चों से जबरन मजदूरी कराई गई। वीडियो में हेलमेट पहने एक अध्यापिका बच्चों से काम कराती नजर आ रही हैं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

रमेशपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय का मामला

बताया जा रहा है कि यह घटना चौबेपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत निगोहा के रमेशपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की है। प्रधानाध्यापिका स्वाति सोलंकी पर बच्चों से मजदूरी कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के बजाय निर्माण सामग्री ढोने में लगाया गया, जो बाल श्रम की श्रेणी में आता है।

ग्रामीणों में आक्रोश, पहले भी रहे विवाद

घटना को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि संबंधित प्रधानाध्यापिका पहले भी मिड डे मील समेत अन्य मामलों में विवादों में रह चुकी हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल में सुरक्षित और शैक्षिक वातावरण देने के बजाय बच्चों का शोषण किया जा रहा है।

खंड शिक्षा अधिकारी का नहीं मिला जवाब

इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी आनंद कुंवर पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। अब सवाल यह उठ रहा है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद विभागीय अधिकारी क्या कार्रवाई करेंगे या फिर मामले को दबा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios