पाकिस्तान: इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में आत्मघाती धमाका, 31 की मौत
जुमे की नमाज के दौरान तरलाई इमामबाड़े को बनाया गया निशाना
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान एक सुसाइड बॉम्बर ने खुद को उड़ा लिया, जिसमें अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके के बाद अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
घटना के बाद फेडरल कैपिटल के प्रमुख अस्पतालों—
पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल—में तुरंत इमरजेंसी लागू कर दी गई। घायलों को एंबुलेंस और रेस्क्यू 1122 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
फिदायीन हमला, शवों के टुकड़े बिखरे
पुलिस के मुताबिक यह हमला फिदायीन (आत्मघाती) था। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई लोगों के शरीर के अंग अलग-अलग जगहों पर जा गिरे। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में लाशों के ढेर और भारी तबाही देखी जा सकती है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, इलाके को सील किया गया
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू 1122 और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है और मलबा हटाने के साथ-साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
तीन महीने में इस्लामाबाद में दूसरा बड़ा धमाका
गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट बिल्डिंग के बाहर सुसाइड ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। तीन महीने के भीतर राजधानी में यह दूसरा बड़ा हमला है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया शोक
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
धमाके से मस्जिद और आसपास की इमारतों को नुकसान
मस्जिद से सामने आए वीडियो फुटेज में देखा गया कि धमाके से इमामबाड़े के गेट को भारी नुकसान पहुंचा है और आसपास की इमारतों की खिड़कियां तक टूट गईं। सड़क पर मलबा फैला हुआ है।