1,876 बाढ़ परियोजनाओं से यूपी के करोड़ों लोग सुरक्षित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर काम किया है। सिंचाई विभाग द्वारा अब तक प्रदेश में कुल 1,876 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जिससे करोड़ों लोगों को बाढ़ से राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश में हर साल मानसून के दौरान नेपाल और पड़ोसी राज्यों से आने वाली नदियों के कारण लगभग 40 जिले बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। इसे देखते हुए सरकार ने बाढ़ से बचाव के लिए योजनाबद्ध और पारदर्शी तरीके से काम किया है। परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और बजट की नियमित व्यवस्था से बाढ़ से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया गया है।
इन परियोजनाओं से 43.25 लाख हेक्टेयर भूमि सुरक्षित हुई है और करीब 357 करोड़ आबादी को बाढ़ से बचाया गया है। बाढ़ न आने से किसानों की फसलों को नुकसान कम हुआ है और खरीफ की पैदावार बढ़ी है।
वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक हर साल सैकड़ों बाढ़ परियोजनाएं पूरी की गईं, जिससे लाखों हेक्टेयर क्षेत्र और करोड़ों लोग सुरक्षित हुए।
इसके अलावा, महाराजगंज जिले में छोटी गंडक नदी को पुनर्जीवित किया गया है। नदी की सफाई से 22 गांवों की 1,950 हेक्टेयर जमीन और 48,500 लोग जलभराव से मुक्त हुए हैं। इससे न केवल खेती और पशुपालन को लाभ मिला है, बल्कि जलजनित बीमारियों से भी राहत मिली है।