ग्रेटर नोएडा।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं ने उत्तर प्रदेश सरकार पर स्थायी रोजगार के वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। युवाओं ने इस दौरान अपनी समस्याएं सामने रखते हुए सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने में मदद की गुहार लगाई।
स्थायी रोजगार के वादे पर सवाल
प्रभावित युवाओं ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, सरकार ने उनके परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी या 5 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत करीब 750 परिवारों ने स्थायी रोजगार का विकल्प चुना था। हालांकि, सात वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक इन परिवारों को न तो स्थायी नौकरी मिली और न ही सरकार ने अपने वादे पूरे किए।
अस्थायी नियुक्तियों से युवाओं में नाराजगी
युवाओं का आरोप है कि जब वे अपने अधिकारों की मांग करते हैं, तो सरकार उन्हें पेटी ठेकेदारों के माध्यम से सिक्योरिटी गार्ड जैसे अस्थायी पदों पर नियुक्त कर रही है। इससे न केवल उनका भविष्य असुरक्षित हो रहा है, बल्कि सरकार द्वारा किए गए स्थायी रोजगार के वादे का भी उल्लंघन हो रहा है।
संसद में मुद्दा उठाने का आश्वासन
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवाओं की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि वह इस मामले को संसद में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित सभी युवाओं को स्थायी रोजगार दिया जाएगा।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों और युवाओं के साथ सरकार ने छल किया है। सपा सरकार बनने पर सभी किसानों और उनके परिवारों को उनका हक दिलाया जाएगा।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
मुलाकात के दौरान सपा जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, वरिष्ठ नेता दीपक भाटी देवटा, विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह रोही, रोहित मत्ते गुर्जर, लोकेश चौधरी सहित कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।