क्या है वह गेम, जिसकी लत में तीन बहनों ने दी जान? 9वीं मंजिल से कूदने का गाजियाबाद केस क्या, जानें कब-कैसे हुई बच्चियों की मौत

Share your love

गाजियाबाद।


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन नाबालिग बहनों ने एक अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना टीलामोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी अपार्टमेंट की है। 3 फरवरी की देर रात करीब 2 बजे 16, 14 और 12 वर्ष की तीनों बहनें फ्लैट की खिड़की से नीचे कूद गईं। घटना के वक्त उनके माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को लोनी के अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए, जिसके बाद परिजनों से पूछताछ और मोबाइल फोन व डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू की गई।

पुलिस ने क्या बताया?

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली कि भारत सिटी सोसायटी में 9वीं मंजिल से तीन बच्चियां कूद गई हैं। गिरने से मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। बच्चियों के पिता ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं और परिवार पिछले तीन वर्षों से यहां किराये पर रह रहा था, जबकि मूल रूप से वे दिल्ली के निवासी हैं।

सुसाइड नोट से खुला राज

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को बच्चियों के कमरे से आठ पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट मिला। यह नोट बच्चियों की हैंडराइटिंग में लिखा बताया जा रहा है, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। नोट में लिखा है— “इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, वो सब सच है। आई एम सॉरी पापा।”
नोट में एक रोती हुई लड़की का इमोजी भी बना हुआ है।

डीसीपी निमिष पाटिल के अनुसार, जांच में यह सामने आया है कि तीनों बच्चियों ने आत्महत्या की है। नोट में किसी एप का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिखा गया, लेकिन यह जरूर सामने आया कि वे कोरियन कल्चर से गहराई से प्रभावित थीं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

कोरियन ‘लव गेम’ की लत का एंगल

पुलिस की शुरुआती जांच में एक कोरियाई टास्क-आधारित इंटरएक्टिव ‘लव गेम’ की लत का एंगल सामने आया है। एसीपी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, तीनों बहनें कोरोना लॉकडाउन के दौरान इस तरह के ऑनलाइन गेम्स से जुड़ी थीं। धीरे-धीरे वे हर काम एक साथ करने लगीं—नहाना, खाना, सोना और यहां तक कि स्कूल जाना भी।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में परिजनों ने उनके मोबाइल इस्तेमाल पर रोक लगाई थी, जिससे वे काफी व्यथित थीं। आशंका है कि इसी तनाव में उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों बच्चियां पिछले दो साल से स्कूल नहीं गई थीं और पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो चुकी थी।

क्या है ‘लव गेम’?

पुलिस को शक है कि यह एक ऑनलाइन, टास्क-आधारित इंटरएक्टिव गेम है, जिसमें खिलाड़ी एक वर्चुअल कोरियन पार्टनर से जुड़ता है। गेम में वर्चुअल साथी प्यार भरे मैसेज भेजता है और रोज नए-नए टास्क देता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे गेम्स में भावनात्मक जुड़ाव इतना गहरा हो जाता है कि खिलाड़ी वास्तविक दुनिया से कटने लगते हैं।

कितना बड़ा खतरा?

विशेषज्ञ इस गेम की तुलना 2016-18 में चर्चित ब्लू व्हेल चैलेंज से कर रहे हैं। ऐसे गेम्स में शुरुआत आसान टास्क से होती है, लेकिन आगे चलकर मानसिक दबाव और जोखिम भरे निर्देश दिए जा सकते हैं। इसका असर बच्चों की पढ़ाई, सामाजिक जीवन और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से पड़ता है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और डिजिटल एंगल को विशेष रूप से खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us