BJP Vs Cong: ‘PM मोदी डरे हुए हैं, इसीलिए संसद नहीं आए’; लोकसभा में संबोधन टलने पर राहुल गांधी का हमला
नई दिल्ली।
संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रस्तावित जवाब हंगामे के कारण नहीं हो सका। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी सदन में इसलिए नहीं आए क्योंकि वे सच्चाई का सामना करने से डर रहे हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि जैसा उन्होंने पहले ही अनुमान लगाया था, प्रधानमंत्री लोकसभा में नहीं आएंगे। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री डर की वजह से संसद से दूरी बनाए हुए हैं। वीडियो में राहुल गांधी दोपहर के समय यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें लगता है कि पीएम मोदी सदन में नहीं आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रधानमंत्री आते, तो वह उन्हें एक किताब भेंट करते और उस पर चर्चा की मांग करते।
क्यों नहीं हो सका प्रधानमंत्री का संबोधन?
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा चल रही थी, जिसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना था। हालांकि, सदन में लगातार हंगामा होता रहा। पीठासीन सभापति संध्या राय ने शाम पांच बजे कार्यवाही शुरू करते समय सांसदों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन विरोध थमा नहीं। शोर-शराबे के बीच प्रधानमंत्री अपना वक्तव्य पेश नहीं कर सके और उनका संबोधन टल गया।
‘प्रधानमंत्री आते तो किताब भेंट करता’ – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री संसद में आते, तो वह उन्हें पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की एक किताब भेंट करते। राहुल गांधी के अनुसार, यह किताब किसी विपक्षी नेता या विदेशी लेखक की नहीं, बल्कि देश के पूर्व सेना प्रमुख की है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि इस किताब में लिखा है कि जब चीनी सेना सीमा में घुसी थी, तब सेना प्रमुख को इंतजार कराया गया और अहम फैसले की घड़ी में राजनीतिक नेतृत्व ने जिम्मेदारी सेना पर छोड़ दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सरकार जवाब देने से बच रही है और इसी कारण प्रधानमंत्री संसद में नहीं आए।