कानपुर-बिठूर हाईवे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 200 छात्रों ने ली सेफ ड्राइविंग की शपथ
ब्रह्मावर्त पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
कानपुर नगर/भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देश पर वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर टीम द्वारा कानपुर-बिठूर हाईवे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंधना स्थित ब्रह्मावर्त पीजी कॉलेज में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
नेत्रदान और सड़क सुरक्षा पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम में एनएचएआई और शंकर आई हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्रदान और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञों ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों और जीवन रक्षा उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पैदल मार्च भी निकाला गया।
नुक्कड़ नाटक और प्रोजेक्टर से दिखाए गए उदाहरण
अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर चल रहे अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों और प्रोजेक्टर के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग, ओवर स्पीड और लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों को रोचक और जीवंत अंदाज में प्रस्तुत किया गया। साथ ही रिफ्लेक्टिव टेप और पम्पलेट भी वितरित किए गए।
छात्रों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ
कार्यक्रम के दौरान टीम द्वारा करीब 200 छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. वी.के. कटियार, इंसीडेंट मैनेजर आदित्य मिश्रा, डॉ. सैफ आलम, राहुल श्रीवास्तव, कमलकांत अवस्थी, पेट्रोलिंग ऑफिसर सुनील सचान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, डॉ. चंद्र किशोर शास्त्री सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।