अभिभावक नियमित बच्चों को विद्यालय भेजकर शिक्षा पर ध्यान दे

Share your love

 

कानपुर/बिल्हौर।
शिवराजपुर ब्लॉक क्षेत्र के नदिया खुर्द गांव स्थित पीएम श्री विद्यालय में बुधवार को शिक्षा चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के महत्व और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

हर बच्चे की शिक्षा जरूरी: खंड शिक्षा अधिकारी

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी कृपा शंकर यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। शिक्षा समानता का प्रतीक है और यही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और पढ़ाई के प्रति सकारात्मक माहौल बनाएं।

शिक्षा सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं

विद्यालय के शिक्षक सुबोध कुमार शुक्ला ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को बेहतर बनाने का साधन है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को निरंतर स्कूल भेजकर अपना कर्तव्य निभाएं, ताकि उन्हें उच्च स्तर की निशुल्क शिक्षा मिल सके।

सरकारी स्कूलों का हो रहा कायाकल्प

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश सरकार गांवों में स्थित सरकारी विद्यालयों के सुंदरीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे बेटियां आत्मनिर्भर बन सकें।

समान शिक्षा से होगा सर्वांगीण विकास

कार्यक्रम में गजेंद्र सिंह ने कहा कि हर वर्ग के छात्र-छात्राओं को समान शिक्षा देकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षा चौपाल का उद्देश्य अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों की पढ़ाई में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

सैकड़ों अभिभावक रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सुमन मिश्रा, सुनीता शुक्ला, साधना सिंह, सुमित त्रिपाठी, अजय सिंह, हरिनाम सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Shiva dulare
Shiva dulare
Articles: 35

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us