सट्टा का चल रहा था बड़ा व्यापार हवाला का 2 करोड़ नगद 70 किलो चांदी को पुलिस ने जब्त किया
छापेमारी में 2 करोड़ नकद और 70 किलो चांदी बरामद
कानपुर नगर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कानपुर कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच टीम ने हवाला और अवैध लेनदेन से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही लगभग 70 किलो चांदी भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस को मौके से नेपाली करेंसी भी मिली है, जिससे इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय लिंक होने की आशंका जताई जा रही है।
धनकुट्टी इलाके में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कानपुर के धनकुट्टी क्षेत्र में की गई, जो घनी आबादी वाला इलाका है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक मकान में अवैध लेनदेन का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और ज्वाइंट सीपी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।
चार आरोपी गिरफ्तार
एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि यह मकान किसी गुप्ता का है, जहां से पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से हवाला और अवैध लेनदेन के कारोबार में शामिल थे। मौके से बरामद नकदी और चांदी इस बात की पुष्टि करती है कि रैकेट बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था।
पूछताछ जारी, नेटवर्क की जांच
एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां-कहां तक फैला है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें समय पर साझा किया जाएगा।