मोहब्बत की सजा मौत: प्रेमी संग भागी किशोरी की पीट-पीटकर हत्या, शव जलाया; चिता बुझाकर पुलिस ने उठाए अवशेष

Share your love


कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र का मामला, ऑनर किलिंग की आशंका; परिजन फरार, तीन टीमें गठित

कासगंज।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के साथ घर से भागी किशोरी को परिजनों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने चिता की आग बुझाकर बचे हुए अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद से किशोरी के परिजन फरार बताए जा रहे हैं।

दो दिन पहले घर से भागी थी किशोरी


पुलिस के अनुसार, किशोरी दो दिन पहले अपने ही गांव के पास रहने वाले युवक के साथ घर से चली गई थी। शनिवार शाम दोनों को किशोरी के परिजन आगरा से ढूंढकर वापस गांव ले आए। आरोप है कि इसके बाद दोनों को गांव में करीब 100 मीटर की दूरी पर बने अलग-अलग घरों में बंद कर बेरहमी से पीटा गया।

रात में हत्या, फिर शव जलाया


परिजनों पर आरोप है कि शनिवार रात किशोरी की हत्या कर दी गई और बाद में शव को जला दिया गया। रविवार सुबह प्रेमी के भाई ने इस घटना की सूचना यूपी 112 पर दी। सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जल रही चिता पर पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद मौके से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिजन फरार, घर पर ताला


ऑनर किलिंग की आशंका को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के प्रधान प्रतिनिधि, किशोरी के प्रेमी और उसके भाई से पूछताछ की। जब पुलिस किशोरी के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। परिजन घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने घर खुलवाकर जांच शुरू कर दी है।

तीन टीमें गठित, जांच जारी


अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किशोरी की हत्या कर शव जलाने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us