दिल्ली में खूनी खेल: आग सेंकते वक्त गाली-गलौज से भड़का विवाद, कबाड़ बीनने वाले युवक पर चाकू से हमला
जहांगीरपुरी में तड़के हुई वारदात, गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज, आरोपी फरार
नई दिल्ली।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में तड़के आग सेंकने के दौरान मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। गाली-गलौज के बाद हुए विवाद में 22 वर्षीय कबाड़ बीनने वाले युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। घायल युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक की पहचान समीर के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ सीडी पार्क, जहांगीरपुरी में रहता है और कबाड़ बीनने का काम करता है। समीर ने अपने बयान में बताया कि 6 जनवरी की सुबह करीब चार बजे वह कूड़ा बीनने के लिए झुग्गी से निकला था। करीब दो घंटे बाद वह सब्जी मंडी रोड स्थित एक मजार के पास पहुंचा, जहां उसके जानकार सलमान और उसका जीजा करीमुल्लाह आग जलाकर बैठे थे।
समीर भी उनके पास बैठकर आग सेंकने लगा। इसी दौरान आपसी बातचीत में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। समीर के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए समीर वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए गली तक पहुंच गए और चाकू से उस पर कई वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल समीर किसी तरह अपनी झुग्गी तक पहुंचा। लहूलुहान हालत में देखकर उसकी मां उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दर्द की वजह से समीर तत्काल बयान देने की स्थिति में नहीं था, जिसके बाद बाद में उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।