दिल्ली में ठंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, न्यूनतम तापमान 4.2°C; कोहरे और शीतलहर का यलो अलर्ट जारी

Share your love

नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 15 वर्षों में 10 जनवरी का सबसे कम तापमान है। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और 9 जनवरी 2025 को 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 2011 के बाद पहली बार 10 जनवरी को इतनी सर्द सुबह देखने को मिली है।

कोहरे और धुंध से हुई दिन की शुरुआत

शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। सुबह के समय यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। इस दिन अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 100% और न्यूनतम 44% रही।

पालम रहा सबसे ठंडा इलाका

मौसम विभाग के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया और सुबह 8 बजे दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई थी। रिज में 5.3, आया नगर में 4.5 और लोधी रोड में 4.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग स्टेशन पर सुबह दृश्यता 200 मीटर रही, जो धीरे-धीरे बढ़कर 400 मीटर तक पहुंची। इस दौरान 5–7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं।

रविवार के लिए यलो अलर्ट

IMD ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी में कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। सुबह के समय कई जगह मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि दिन में 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलेंगी।

16 जनवरी तक जारी रहेगी ठंड

मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 से 16 जनवरी तक दिल्ली में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा। 12 और 13 जनवरी को ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा, जब न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 14 जनवरी को तापमान 5–7 डिग्री और 15-16 जनवरी को 6–8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us