मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

गाड़ी साइड करने के विवाद में ट्रांसपोर्ट कंपनी के दो मुंशी से मारपीट

नोएडा।
सेक्टर-69 स्थित ओम शंकर ट्रांसपोर्ट के बाहर गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के दो मुंशी की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में एक मुंशी की आंख में गंभीर चोट आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित की शिकायत पर फेज-तीन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

सेक्टर-55 निवासी पिंटू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-69 स्थित ओम शंकर ट्रांसपोर्ट में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार को वह ट्रांसपोर्ट की गाड़ी साइड में खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक काली स्कॉर्पियो कार के चालक ने गाड़ी साइड करने को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पिंटू ने विरोध किया तो मामला बढ़ गया।

कार सवारों ने बुलाए साथी, होटल से खींचकर पीटा

पीड़ित के अनुसार, कार चालक ने अपने तीन-चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। विवाद बढ़ता देख पिंटू जान बचाने के लिए ट्रांसपोर्ट ऑफिस के नीचे स्थित एक होटल में घुस गया। आरोप है कि कार सवार युवक होटल के अंदर पहुंचे और पिंटू को बाहर खींचकर लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

बीच-बचाव करने पर दूसरे मुंशी पर भी हमला

मारपीट होते देख ट्रांसपोर्ट का दूसरा मुंशी ब्रह्मपाल बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोप है कि ब्रह्मपाल की आंख पर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कई युवक मिलकर दोनों मुंशियों की डंडों और लात-घूंसों से पिटाई कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।

पुलिस जांच में जुटी

फेज-तीन थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios