हेयर विग पहनकर शादी, गंजेपन का खुलासा होते ही पत्नी से दहेज की मांग और ब्लैकमेलिंग

Share your love
पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज

दिल्ली निवासी एक युवक द्वारा हेयर विग पहनकर शादी करने और बाद में गंजेपन की सच्चाई सामने आने पर पत्नी को प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने शादी से पहले अपनी पहचान, शिक्षा और अन्य अहम जानकारियां छिपाईं। विरोध करने पर उसने पत्नी को ब्लैकमेल किया और मायके से दहेज की मांग करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बायोडाटा में शिक्षा और आय को लेकर किया गया झूठ

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-1 निवासी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी लविका गुप्ता की शादी 16 जनवरी 2024 को दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी सैंयम जैन से कराई थी। शादी के समय दिए गए बायोडाटा में सैंयम ने खुद को बीकॉम पास और सालाना आय 18 लाख रुपये बताई थी।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद जब पति का हेयर विग उतर गया, तब उसके पूरी तरह गंजा होने की सच्चाई सामने आई। बाद में यह भी पता चला कि वह बीकॉम पास नहीं, बल्कि केवल इंटरमीडिएट तक पढ़ा है।

निजी फोटो वायरल करने की धमकी

पीड़िता के अनुसार जब उसने पति से झूठ बोलने पर सवाल किए तो उसने उसके मोबाइल से निजी फोटो निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके साथ ही मायके से 20 लाख रुपये और एक कार लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।

विदेश ले जाकर प्रताड़ना का आरोप

महिला ने पति पर कई महिलाओं से संबंध रखने और गांजा पीने की लत होने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार पति उसे थाईलैंड ले गया, जहां उस पर जबरन गांजा लाने का दबाव बनाया गया। मना करने पर होटल में मारपीट की गई और बालकनी से फेंकने की धमकी दी गई।

गहने छीनकर घर से निकाला

भारत लौटने पर जब पीड़िता ने ससुरालवालों से शिकायत की तो सभी ने पति का ही समर्थन किया। आरोप है कि 16 अगस्त को ससुरालवालों ने करीब 15 लाख रुपये के गहने छीन लिए और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद 17 सितंबर को पति ने फोन कर तलाक देने का दबाव बनाया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मानसिक रूप से परेशान पीड़िता ने बिसरख कोतवाली में तहरीर दी। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पति सैंयम जैन, ससुर संजय जैन, सास सुषमा जैन, जीजा कुणाल जैन और मामा हेमंत जैन के खिलाफ दहेज मांग और उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us