सेक्टर-145 डंपिंग यार्ड में मिली अधजली युवती की अब तक नहीं हुई पहचान,

Share your love

नोएडा। सेक्टर-145 स्थित डंपिंग यार्ड में 27 दिसंबर को मिली अधजली युवती की लाश की पहचान 9 दिन बीतने के बाद भी पुलिस नहीं कर पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-142 थाना पुलिस ने जांच टीमों की संख्या 5 से बढ़ाकर 10 कर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

जिले के सभी 26 थानों में अलर्ट

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के सभी 26 थानों में दर्ज हो रही गुमशुदा महिलाओं की शिकायतों पर नजर रखी जा रही है। पिछले 20 दिनों के भीतर दर्ज सभी मिसिंग मामलों को खंगालकर युवती की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी भी थाने में उससे मेल खाती शिकायत सामने नहीं आई है।

शरीर पर नहीं मिला कोई पहचान चिह्न

पुलिस के अनुसार, युवती के शरीर पर कोई टैटू, अंगूठी, चेन या पहचान से जुड़ा निशान नहीं मिला है। शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े भी नहीं थे, जिससे पहचान में मदद मिल सके। इसी कारण पुलिस को जांच में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

फोटो जारी करने की तैयारी

पुलिस अब युवती की तस्वीर सार्वजनिक करने की योजना बना रही है। अधिकारियों ने बताया कि पहचान बताने वाले व्यक्ति की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी युवती के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवती की मुंह और नाक दबाकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह सफल नहीं हो सका। इसके बाद शव को एक सादे बैग में भरकर डंपिंग यार्ड में फेंक दिया गया

पुलिस का अनुमान है कि युवती किसी सामान्य परिवार से थी और संभवतः किसी फैक्ट्री या कंपनी में काम करती थी। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला भी सामने आ रहा है।

सफेद टेप और बैग से जुड़े सुराग खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती के हाथ-पैर सफेद रंग के टेप से बंधे हुए थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा में किन कंपनियों में इस तरह के टेप का इस्तेमाल या निर्माण होता है।

टेप का सैंपल सुरक्षित रखा गया है और कंपनियों में जाकर मिलान किया जा रहा है। वहीं जिस बैग में शव मिला, उसके स्रोत की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

अब तक नहीं मिला कोई ठोस सुराग

मामले को 10 दिन से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी कोई बड़ा सुराग नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us