Venezuela Crisis: ट्रंप ने रियल टाइम में देखी सैन्य कार्रवाई, बताया कहां कैद हैं मादुरो और उनकी पत्नी
वॉशिंगटन/काराकास।
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच सैन्य टकराव के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला पर हुई सैन्य कार्रवाई को उन्होंने रियल टाइम में देखा और इस ऑपरेशन के दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया। ट्रंप के मुताबिक, दोनों को इस समय एक अमेरिकी युद्धपोत पर कैद में रखा गया है।
काराकास पर हमले, राष्ट्रपति मादुरो हिरासत में
शनिवार को अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की। राजधानी काराकास समेत कई इलाकों में अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने हवाई हमले किए, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई। हमलों के बीच अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अपनी हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और चिंता दोनों बढ़ गए हैं।
मार-ए-लागो से ऑपरेशन पर नजर
फॉक्स न्यूज के साथ एक लाइव फोन कॉल में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यह पूरा मिलिट्री ऑपरेशन फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट से रियल टाइम में देखा। ट्रंप ने कहा,
“मैं इसे रियल टाइम में देख पा रहा था। मैंने हर पहलू को देखा और फ्लोरिडा में बैठकर वेनेजुएला में फील्ड में हो रहे कम्युनिकेशन को सुना।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह देखना “अद्भुत” था कि अमेरिकी सेना ने कितनी प्रोफेशनल तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
सेना की तारीफ, इक्विपमेंट को बताया शानदार
ट्रंप ने अमेरिकी सेना और उनके उपकरणों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा,
“यह देखना अद्भुत था कि वे कितने अच्छे और प्रोफेशनल थे। हमारे पास जो इक्विपमेंट हैं, उनका लेवल शानदार है। सब कुछ इतनी परफेक्शन के साथ हुआ।”
राष्ट्रपति ने दावा किया कि ऑपरेशन बेहद सफल रहा और अमेरिकी पक्ष को भारी नुकसान नहीं उठाना पड़ा।
‘कोई मौत नहीं हुई’—ट्रंप का दावा
ट्रंप ने कहा कि इस सैन्य कार्रवाई में अमेरिकी सेना का कोई जवान नहीं मारा गया।
उन्होंने कहा,
“कुछ चोटें जरूर आईं, लेकिन हमारी तरफ से कोई मौत नहीं हुई। यह वाकई अद्भुत है।”
उन्होंने इस ऑपरेशन की तुलना बाइडेन प्रशासन के दौरान अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी से की और कहा कि अब अमेरिका “हंसी का पात्र” नहीं रहा।
चार दिन पहले बन चुकी थी योजना
फॉक्स न्यूज को दिए बयान में ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि वेनेजुएला पर हमले की योजना चार दिन पहले ही बना ली गई थी, लेकिन मौसम के कारण इसे टालना पड़ा।
ट्रंप ने कहा,
“मौसम एकदम सही होना चाहिए। हमने चार दिन इंतजार किया। हम इसे चार, तीन और दो दिन पहले भी करने वाले थे, लेकिन बादल ज्यादा थे। जैसे ही मौसम साफ हुआ, हमने कहा—जाओ।”
वैश्विक प्रतिक्रिया की आशंका
मादुरो की गिरफ्तारी और अमेरिकी हमले के बाद अब दुनिया भर की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि रूस, चीन और लैटिन अमेरिकी देश इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक नए और गंभीर मोड़ की शुरुआत हो सकती है।