नए साल पर नोएडा पुलिस का तोहफा, 77 लोगों को लौटाए खोए हुए मोबाइल

Share your love

 

कुछ लोग खरीद चुके थे नया फोन, पुराना मोबाइल मिला तो चेहरे खिल उठे

नए साल के मौके पर नोएडा पुलिस ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए 77 खोए और छीने गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए। यह मोबाइल संचार साथी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर आईएमईआई नंबर की मदद से ट्रेस किए गए। शुक्रवार को सेक्टर-14 स्थित एडीसीपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीड़ितों को उनके मोबाइल सौंपे गए, जिससे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

संचार साथी पोर्टल से मिली सफलता

यदि किसी का मोबाइल खो जाता है और उसकी शिकायत सरकारी संचार साथी वेबसाइट पर दर्ज कर दी जाए, तो पुलिस उस मोबाइल को खोजकर लौटाने का प्रयास करती है।
नोएडा जोन के 9 थानों में इस पोर्टल के माध्यम से 100 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनमें से पुलिस ने 77 मोबाइल फोन ट्रेस कर लिए। कई मोबाइल 1 से 2 साल पहले बसों, भीड़भाड़ वाले इलाकों में खोए थे या स्नैचिंग की घटनाओं में चले गए थे।

सर्विलांस से पकड़े गए मोबाइल

एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि संचार साथी पोर्टल पर मोबाइल का आईएमईआई नंबर, मॉडल, खोने का स्थान और थाना क्षेत्र की जानकारी दर्ज करनी होती है।
इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने सर्विलांस के जरिए मोबाइल ट्रेस किए और जिन लोगों के पास वे इस्तेमाल हो रहे थे, उनसे संपर्क कर मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद नए साल के अवसर पर सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए।

ईएमआई पर फोन लेने वालों को दोहरी खुशी

इन 77 लोगों में कई ऐसे भी थे जिन्होंने मोबाइल ईएमआई पर खरीदे थे, लेकिन कुछ ही दिनों में फोन खो गया था। ऐसे लोग मोबाइल के बिना भी ईएमआई चुका रहे थे। पुलिस द्वारा मोबाइल लौटाए जाने पर उन्हें दोहरी खुशी मिली।

केस 1: दो साल बाद मिला छीना गया मोबाइल

डॉ. अर्पित ने बताया कि जनवरी 2024 में सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया था। थाने और संचार साथी पोर्टल पर शिकायत के करीब दो साल बाद पुलिस ने उनका मोबाइल ढूंढकर लौटा दिया

केस 2: एक महीने में वापस मिला फोन

झारखंड निवासी आनंद, जो एक निजी कंपनी में काम करते हैं, ने बताया कि सितंबर में सेक्टर-76 में काम के दौरान उनका मोबाइल जेब से गिर गया था। शिकायत के एक महीने के भीतर ही पुलिस ने मोबाइल खोजकर सौंप दिया

केस 3: स्नैचिंग के 6 महीने बाद राहत

अनुज ने बताया कि 28 मई को सेक्टर-44 में बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। करीब 6 महीने बाद पुलिस ने मोबाइल बरामद कर उन्हें लौटा दिया

लोगों ने जताया आभार

मोबाइल पाकर लोगों ने नोएडा पुलिस का धन्यवाद किया और कहा कि संचार साथी पोर्टल आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। पुलिस ने भी अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसे जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us