ICC महिला T20 रैंकिंग में भारत का दबदबा, दीप्ति नंबर-1 बरकरार; शेफाली और रेणुका ने लगाई लंबी छलांग

Share your love

नई दिल्ली 

आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के ताजा अपडेट में भारतीय महिला क्रिकेटरों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में भारत की खिलाड़ियों ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। युवा ओपनर शेफाली वर्मा और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा गेंदबाजों की सूची में नंबर-1 पर कायम हैं। यह प्रदर्शन इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करता है।

शेफाली वर्मा की धमाकेदार वापसी

भारतीय टीम की आक्रामक ओपनर शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी रैंकिंग में चार पायदान की छलांग लगाते हुए छठा स्थान हासिल किया है। 21 वर्षीय शेफाली ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसका उन्हें सीधा फायदा मिला।

शेफाली ने दूसरे टी20 मुकाबले में 34 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में खेले गए तीसरे और चौथे टी20 में उन्होंने क्रमशः 42 गेंदों पर नाबाद 79 और 46 गेंदों पर नाबाद 79 रन की विस्फोटक पारियां खेलीं। लगातार अर्धशतकों ने उन्हें एक बार फिर दुनिया की शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।

स्मृति मंधाना स्थिर, जेमिमा को नुकसान

भारतीय टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने फॉर्म में वापसी करते हुए चौथे टी20 में शानदार 80 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद वह बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर ही बनी हुई हैं।

वहीं, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स को एक पायदान का नुकसान हुआ है और वह खिसककर 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा का जलवा

गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। लगातार सटीक और किफायती गेंदबाजी के दम पर वह आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बनी हुई हैं।

तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने आठ स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से छठा स्थान हासिल किया है। तीसरे टी20 में रेणुका का 4 विकेट पर 21 रन का मैच जिताऊ स्पेल भारत की आठ विकेट से जीत और सीरीज पर कब्जे में अहम साबित हुआ।

युवा स्पिनरों को मिला रैंकिंग का फायदा

भारत की युवा स्पिन गेंदबाजों को भी रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी 17 पायदान ऊपर चढ़कर 52वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, वैष्णवी शर्मा ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 390 स्थान की जबरदस्त छलांग लगाते हुए 124वां स्थान हासिल किया है।

फिलहाल भारत पांच मैचों की सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त बनाए हुए है।

श्रीलंका की बल्लेबाजों की भी प्रगति

श्रीलंका की ओर से भी कुछ खिलाड़ियों को रैंकिंग में फायदा हुआ है। बाएं हाथ की ओपनर हसीनी परेरा ने 114 स्थान की छलांग लगाकर 71वां स्थान हासिल किया है। वहीं कविशा दिलहारी तीन स्थान ऊपर चढ़कर 79वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

आईसीसी रैंकिंग में यह उछाल भारतीय महिला क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवाओं का प्रदर्शन टीम को मजबूती दे रहा है, जो आने वाले महिला टी20 विश्व कप से पहले भारत के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us