निवेश का झांसा देकर ग्रेटर नोएडा के युवक से 12.50 लाख की साइबर ठगी
वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर पहले दी फर्जी ट्रेनिंग, फिर वेबसाइट पर निवेश कराया
ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां निवेश कराने के बहाने ठगों ने एक व्यक्ति से 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पीड़ित को वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए पहले शेयर मार्केट की फर्जी ट्रेनिंग दी और बाद में एक वेबसाइट पर निवेश कराने के नाम पर बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली। मामले में साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्रेटर नोएडा सेक्टर-1 स्थित सुपरटेक इको विलेज सोसायटी निवासी पवन कुमार मिश्रा ने बताया कि 9 नवंबर को उनके वॉट्सऐप पर एक अनजान नंबर से संपर्क किया गया। सामने वाले व्यक्ति ने खुद को शेयर मार्केट से जुड़ा एक्सपर्ट बताते हुए उन्हें “मैग्नानंदा शर्मा स्टॉक मार्केट” नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में रोजाना शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी और तथाकथित ट्रेनिंग दी जा रही थी।
पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन बाद ठगों ने उन्हें लाइव ट्रेडिंग में शामिल कराया और डीमैट अकाउंट के जरिए छोटे अमाउंट में निवेश कराया। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद 1 दिसंबर को ठगों ने “वेल्थ अलायंस ग्रुप” नाम से एक नया प्लान पेश किया, जिसमें ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया।
इसके तहत पीड़ित को “Empolencapital.com” नाम की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया गया और निवेश के लिए कहा गया। भरोसा बढ़ाने के लिए ठगों ने मुंबई में एक मीटिंग कराने की बात कहते हुए फ्लाइट टिकट की फोटो भी वॉट्सऐप पर भेज दी। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में कुल 12 लाख 50 हजार रुपये ठगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
12 दिसंबर को जब पीड़ित ने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने बहाने बनाकर टालना शुरू कर दिया। इसके बाद संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया गया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाने में भी मामला दर्ज कराया।
पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनके आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही वॉट्सऐप ग्रुप और संबंधित वेबसाइट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।