चोरी की बाइक से लूटपाट करने वाला गिरोह पकड़ा गया, चार बदमाश गिरफ्तार

Share your love


नोएडा पुलिस ने 22 लूटे हुए मोबाइल और दो चोरी की बाइक की बरामद, दिल्ली-एनसीआर में कई वारदातों का खुलासा

नोएडा पुलिस ने मोबाइल और चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 लूटे हुए मोबाइल फोन और दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह नोएडा के साथ-साथ दिल्ली में भी कई लूट और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि कुछ दिन पहले थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में मोबाइल लूट की एक घटना सामने आई थी। इसके बाद एसीपी स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में लगातार चेकिंग और निगरानी शुरू की।

चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

शुक्रवार को पुलिस टीम सेक्टर-62 स्थित डी पार्क के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों बाइक चोरी की हैं और चारों युवक शातिर लुटेरे हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के गोकलपुरी निवासी शमीम और इनाम तथा गाजियाबाद निवासी साजिद और सिकंदर के रूप में हुई है। शमीम इस गिरोह का सरगना है और उसकी उम्र 32 वर्ष है। साजिद 29 साल, सिकंदर उर्फ मुखिया 25 साल और इनाम 23 साल का है।

दिल्ली में बिकते थे लूटे मोबाइल

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर से बाइक चोरी करते थे और उन्हीं बाइकों का इस्तेमाल कर मोबाइल और चेन लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। लूटे गए मोबाइल फोन के पार्ट्स निकालकर सिकंदर और इनाम उन्हें करोलबाग, दिल्ली में बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को चारों आरोपी आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह चोरी की बाइक को बार-बार बदलता रहता था ताकि पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके। कई बार लूटे गए मोबाइल सस्ते दामों पर राहगीरों को भी बेच दिए जाते थे।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग थानों में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। बरामद दोनों बाइक के संबंध में दिल्ली के उत्तमनगर और आंबेडकरनगर थानों में केस दर्ज है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us