कमरे में हीटर जलता छोड़ने से लगी आग, चार दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
नोएडा। सेक्टर-108 स्थित पार्क्स लॉरेट सोसायटी के एक टावर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चौथी मंजिल पर एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार दमकल गाड़ियों की मदद से करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल या झुलसा नहीं।
फायर विभाग के अनुसार, आग की शुरुआत फ्लैट के सर्वेंट रूम से हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमरे में रहने वाली घरेलू सहायक हीटर जलता छोड़कर बाहर चली गई थी। अधिक देर तक हीटर चालू रहने के कारण वह ज्यादा गर्म हो गया और देखते ही देखते कमरे में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए अन्य कमरों की ओर बढ़ने लगी।
फायर ब्रिगेड ने समय रहते संभाली स्थिति
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3 बजकर 25 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियों और एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। आग चौथी मंजिल के एक फ्लैट में लगी थी, जहां सीढ़ियों के जरिए पाइप ऊपर पहुंचाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
आग लगने के बाद फ्लैट और आसपास के कमरों में धुआं भर गया, जिससे सोसायटी में हड़कंप मच गया। एहतियातन आसपास के फ्लैट्स में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने की अपील की गई। दमकल कर्मियों ने कुछ लोगों को सुरक्षित नीचे उतरने में भी मदद की।
सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि इस दौरान सर्वेंट रूम और फ्लैट में रखा काफी घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोसायटी के गार्ड ने सबसे पहले धुआं उठता देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आग गार्ड सर्वेंट रूम से शुरू होकर धीरे-धीरे फ्लैट तक पहुंची। फिलहाल फायर विभाग की टीम घटना की विस्तृत जांच कर रही है और लोगों से अपील की गई है कि सर्दियों में हीटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल पूरी सावधानी से करें।