रणवीर सिंह को ‘डॉन-3’ से किया गया बाहर: मेकर्स से क्रिएटिव मतभेद और अनुचित मांगें बनी वजह
मुंबई। फिल्म डॉन-3 को लेकर रणवीर सिंह के बाहर होने की खबरों पर नया मोड़ आ गया है। हाल ही में यह कहा जा रहा था कि रणवीर ने अपनी फिल्म धुरंधर की सफलता के बाद खुद डॉन-3 छोड़ दी, लेकिन अब सामने आई जानकारी के मुताबिक एक्टर ने फिल्म नहीं छोड़ी, बल्कि मेकर्स ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है।
खुद फिल्म छोड़ने की खबर अफवाह
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि रणवीर सिंह द्वारा फिल्म छोड़ने की खबर पूरी तरह गलत है। दरअसल, मेकर्स और रणवीर के बीच क्रिएटिव मतभेद और कुछ अनुचित मांगों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसी वजह से फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने उन्हें फिल्म से हटाने का फैसला किया।
फ्लॉप फिल्मों के बाद भी मिला था मौका
सूत्रों का दावा है कि रणवीर सिंह की पिछली तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थीं। इसके बावजूद फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने उन पर भरोसा जताते हुए डॉन-3 में उन्हें कास्ट किया था। इसी दौर में संजय लीला भंसाली ने उनकी फिल्म बैजू बावरा को रद्द कर दिया था, लेकिन डॉन-3 के मेकर्स उनके साथ खड़े रहे।
गैंगस्टर फिल्मों से दूरी चाहते थे रणवीर
दो दिन पहले पिंकविला की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि रणवीर सिंह अब संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे फिल्ममेकर्स के साथ काम करना चाहते हैं। साथ ही वह लगातार गैंगस्टर फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे, खासकर तब जब धुरंधर पहले ही इसी जॉनर में उनकी पहचान बना चुकी है।
शूटिंग शेड्यूल को लेकर भी मतभेद
रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि रणवीर ने प्रोड्यूसर जय मेहता से प्रलय की शूटिंग पहले करने का अनुरोध किया था। डॉन-3 से बाहर होने के बाद वह व्यक्तिगत तौर पर प्रलय की डेट्स और शेड्यूल को मैनेज करने में जुटे हुए हैं।
नए लीड एक्टर की तलाश
सूत्रों के मुताबिक डॉन-3 के मेकर्स अब भी जनवरी 2026 के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू करना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने लीड रोल के लिए नए एक्टर की तलाश शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि डॉन फ्रेंचाइज़ी का अगला चेहरा कौन बनता है।