पीजी और घरों को बनाते थे निशाना: लैपटॉप-मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

Share your love

घरों और पीजी में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-24 थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 21 चोरी के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो हजार रुपये नकद और दो चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

रेकी के बाद देते थे वारदात को अंजाम

डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में घरों और खासकर पीजी से मोबाइल और लैपटॉप चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। अधिकतर उन पीजी को निशाना बनाया जा रहा था, जहां स्टूडेंट्स और ऑफिस में काम करने वाले लोग रहते हैं। इसी को देखते हुए थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई थी।

चोरी की फिराक में घूमते पकड़े गए

पुलिस टीम को मंगलवार को सूचना मिली कि दो संदिग्ध सेक्टर-11 इलाके में चोरी की नीयत से घूम रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान श्याम उर्फ भूरा निवासी नगरिया, जनपद बरेली और चंद्रशेखर उर्फ राजू निवासी मयूर विहार फेज-3, दिल्ली के रूप में हुई।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी करते थे चोरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन में पीजी में कमरा लेने के बहाने अंदर घुसते थे और रेकी करने के बाद रात में चोरी को अंजाम देते थे। इसके अलावा मेट्रो, रोडवेज बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेब काटकर मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप को राह चलते लोगों को मजबूरी बताकर कम दामों में बेच देते थे और रकम आपस में बांट लेते थे।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, श्याम वर्ष 2017 से चोरी की घटनाओं में शामिल है और उसके खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजू को उसने 2023 में अपने साथ जोड़ा, जिस पर चार मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों के अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us