बैंक अधिकारी बनकर किया इवेंट कंपनी का करोड़ों का माल हड़पने का प्रयास

Share your love

पूर्व कर्मचारी और मौजूदा ड्राइवर ने मिलकर रची साजिश, दोनों गिरफ्तार

नोएडा।
फेज-वन थाना पुलिस ने एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का करीब दो करोड़ रुपये का कीमती सामान फर्जी तरीके से जब्त कराने की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर कंपनी के ट्रकों समेत पूरा सामान ले गए थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक कंपनी का मौजूदा ड्राइवर है, जबकि दूसरा कंपनी का पूर्व कर्मचारी रह चुका है।

कंपनी मालिक की मौत के बाद रची गई साजिश

एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-134 निवासी भावना भसीन इवेंट मैनेजमेंट और डेकोरेशन की कंपनी चलाती हैं। कंपनी उनके पति कमल भसीन के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिनका जुलाई महीने में निधन हो गया था। इसके बाद कंपनी की जिम्मेदारी उनकी पत्नी संभाल रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने कंपनी की स्थिति और वाहनों की जानकारी का फायदा उठाया।

पूर्व कर्मचारी को थी पूरी जानकारी

पुलिस के अनुसार महफूज खान पहले कंपनी में ट्रांसपोर्ट का काम संभालता था और उसे कंपनी के वाहनों, स्टाफ और माल की पूरी जानकारी थी। कुछ समय पहले उसने कंपनी छोड़ दी थी, लेकिन उसी ने अखिलेश नाम के व्यक्ति को कंपनी में ड्राइवर की नौकरी दिलवाई। दोनों ने मिलकर कंपनी का माल गबन करने की योजना बनाई।

फिल्मी अंदाज में रास्ते में रोका काफिला

11 दिसंबर की रात कंपनी के चार ट्रक छतरपुर गांव से परि चौक की ओर इवेंट के सामान के साथ निकले थे। रास्ते में डीएनडी के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर ट्रकों को रुकवाया और किस्त बकाया होने का हवाला देकर गाड़ियों समेत सारा सामान कब्जे में ले लिया। ट्रक चालकों को वहीं छोड़ दिया गया।

शक हुआ तो खुला मामला

आरोपी ने कंपनी संचालिका को मैसेज कर बताया कि बैंक ने सामान जब्त कर लिया है। लेकिन जिस वाहन पर लोन नहीं था, उसका नाम भी शामिल होने पर महिला को शक हुआ। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

दो करोड़ से ज्यादा का माल बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.10 करोड़ रुपये का इवेंट का सामान और तीन कैंटर वाहन बरामद किए हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us