PM Modi–Nitin Nabin Meeting: पीएम मोदी से मिले नितिन नबीन, नई जिम्मेदारी पर दी बधाई

Share your love

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है। इस मुलाकात की जानकारी प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। पीएम मोदी ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

पीएम मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि नितिन नबीन पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि नितिन नबीन का संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव भाजपा के लिए एक बड़ी ताकत साबित होगा। पीएम ने यह भी कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास करेंगे।

भाजपा संगठन के लिए अहम मुलाकात

इस मुलाकात को भाजपा संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने पर जोर दे रही है, ऐसे में नितिन नबीन की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

15 दिसंबर को हुई थी ताजपोशी

गौरतलब है कि 15 दिसंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन की ताजपोशी हुई थी। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें पटका पहनाकर और गुलदस्ता देकर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। भाजपा ने उन्हें अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना है।

कौन हैं नितिन नबीन

नितिन नबीन वरिष्ठ नेता और जेपी आंदोलन से राजनीति की शुरुआत करने वाले दिवंगत नबीन सिन्हा के बेटे हैं। उनका जन्म 23 मई 1980 को पटना में हुआ। 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली में की। वर्ष 2005 में नबीन सिन्हा पटना पश्चिम सीट से विधायक रहे थे। उनके निधन के समय नितिन नबीन मात्र 26 वर्ष के थे। आज वे भाजपा के उभरते और युवा चेहरों में गिने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us