एपस्टीन सेक्स स्कैंडल: आज हो सकता है सबसे बड़ा खुलासा, 68 नई तस्वीरों में बिल गेट्स समेत 5 हस्तियों के नाम
वॉशिंगटन। अमेरिका के कुख्यात जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल से जुड़ा अब तक का सबसे बड़ा खुलासा आज सामने आ सकता है। एपस्टीन फाइलों के सार्वजनिक होते ही इस मामले में शामिल प्रभावशाली लोगों के नाम उजागर होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इन फाइलों में दुनिया के बड़े बिजनेसमैन, राजनेता और प्रभावशाली हस्तियों का जिक्र है।
68 नई तस्वीरें हुईं जारी
गुरुवार देर रात अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सांसदों ने स्कैंडल से जुड़ी 68 नई तस्वीरें जारी कीं। इन तस्वीरों में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, गूगल के को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन, फिल्ममेकर वुडी एलन, दार्शनिक नोम चॉम्स्की और ट्रम्प के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन जैसी पांच चर्चित हस्तियां नजर आ रही हैं। इससे पहले भी एपस्टीन से जुड़े कई दस्तावेज सामने आ चुके हैं, लेकिन इस रिलीज को अब तक का सबसे संवेदनशील माना जा रहा है।
फाइलों में क्या-क्या शामिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन फाइलों में हजारों पन्नों के दस्तावेज, करीब 95 हजार तस्वीरें और बैंक रिकॉर्ड्स शामिल हैं। फाइलें जारी होने के बाद सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि किन हिस्सों को ब्लैक आउट किया गया है और किन दस्तावेजों को सार्वजनिक नहीं किया गया। साथ ही, उन सभी सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों की सूची भी देनी होगी, जिनका नाम इन फाइलों में दर्ज है।
पहले भी सामने आ चुके हैं कई दस्तावेज
एपस्टीन मामले से जुड़े कई दस्तावेज पहले ही मैक्सवेल के 2021 के ट्रायल, जस्टिस डिपार्टमेंट की रिपोर्टों और दीवानी मुकदमों के जरिए सार्वजनिक हो चुके हैं। हालांकि, नए दस्तावेजों से यह साफ होने की उम्मीद है कि अब तक किन नामों को सार्वजनिक नहीं किया गया था।
एपस्टीन केस की पृष्ठभूमि
इस मामले की शुरुआत 2005 में फ्लोरिडा से हुई थी, जब एक 14 वर्षीय लड़की के यौन शोषण की शिकायत दर्ज हुई। जांच में सामने आया कि एपस्टीन नाबालिग लड़कियों का संगठित तरीके से शोषण करता था। उसकी सहयोगी गिस्लीन मैक्सवेल को इस मामले में सजा भी हो चुकी है।
आज होने वाले खुलासे पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इससे वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक भूचाल आ सकता है।