PM Modi Oman Visit: पीएम मोदी ओमान पहुंचे, भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौते पर होंगे हस्ताक्षर
मस्कट पहुंचने पर भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचे। हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। पीएम मोदी सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान पहुंचे हैं।
70 साल की दोस्ती, दूसरी आधिकारिक यात्रा
यह प्रधानमंत्री मोदी की ओमान की दूसरी आधिकारिक यात्रा है। यह दौरा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने का प्रतीक भी है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते रहे हैं, जिन्हें अब रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी के रूप में और मजबूत किया जा रहा है।
मुक्त व्यापार समझौते पर लग सकती है मुहर
दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और ओमान के शीर्ष नेतृत्व के बीच अहम बातचीत होगी। गुरुवार को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में भारत और ओमान के बीच महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इस समझौते को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) कहा जा रहा है, जिसे हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है।
रणनीतिक और आर्थिक सहयोग पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, व्यापार, निवेश और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। यह समझौता दोनों देशों के वाणिज्यिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देगा।
प्रवासी भारतीयों से भी करेंगे संवाद
मस्कट पहुंचने पर पीएम मोदी का होटल में भारतीय समुदाय ने भव्य स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीयों की एक सभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्वागत के लिए आभार जताते हुए भारत-ओमान मित्रता को और मजबूत बनाने की बात कही।