नोएडा पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी करने वाले 4 शातिर बदमाश किए गिरफ्तार
नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में नाम बदलकर जनसभाओं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घुसकर महंगे मोबाइल फोन चोरी व स्नैचिंग करने वाले चार बदमाशों को फेज-वन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को खोलकर उनके पार्ट्स दिल्ली-एनसीआर की बड़ी मोबाइल दुकानों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं।
भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाते थे iPhone
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि हाल के दिनों में नोएडा में मेट्रो स्टेशन, रोडवेज बस अड्डों, बाजारों और जनसभाओं में मोबाइल चोरी व स्नैचिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी थीं। सबसे ज्यादा मामले फेज-वन थाना क्षेत्र में सामने आए। इसके बाद एसीपी सेकंड स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
दिल्ली से आकर करते थे वारदात
बुधवार को जब आरोपी नोएडा में वारदात करने के लिए एंट्री कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान
-
फिरोज (निवासी गौतमपुरी, दिल्ली)
-
फरदीन (निवासी गौतमबिहार, दिल्ली)
-
सलीम (निवासी बाजार चितली कबर, दिल्ली)
-
दानिश (निवासी कबीर नगर, शाहदरा, दिल्ली)
के रूप में हुई है। चारों आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
60 iPhone समेत भारी बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से
-
60 iPhone
-
10 मल्टीमीडिया फोन
-
28 iPad
-
1 टैबलेट
-
1 एप्पल टीवी डिवाइस
-
265 मोबाइल पार्ट्स
और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक मोबाइल से 30 से 40 हजार रुपये तक की कमाई कर लेते थे।
जनसभाओं में समर्थक बनकर करते थे चोरी
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे नाम बदलकर जनसभाओं में आम समर्थक बनकर शामिल होते थे। भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से महंगे और ट्रेंडिंग मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। बाद में मोबाइल फोन को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग दुकानों में सप्लाई कर देते थे।
500 से ज्यादा वारदातों का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली के मूल निवासी हैं, लेकिन रेकी के बाद नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के जिलों में वारदात करते थे। अक्सर दो बाइक से निकलकर रात में स्नैचिंग और चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस का दावा है कि ये गिरोह अब तक 500 से अधिक चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहा है।
चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।