मथुरा हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, 13 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

Share your love
घने कोहरे ने बरपाया कहर

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बलदेव थाना क्षेत्र में 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास सुबह करीब 3:30 बजे दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी। इसी दौरान एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं

टक्कर के बाद लगी भयानक आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहनों में धमाके के साथ आग लग गई। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कई लोग वाहनों में फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

13 मौतों की पुष्टि, शवों की पहचान मुश्किल

इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चार शवों की पहचान हो गई है, जबकि अन्य की शिनाख्त की कोशिश जारी है। उन्होंने बताया कि 17 बैग में कंकाल और जले हुए शवों के टुकड़े लाए गए हैं, जिससे शवों की पहचान बेहद मुश्किल हो गई है।

घायलों का इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घायलों को जिला अस्पताल मथुरा, 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन और गंभीर घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है।

  • 38 घायल जिला अस्पताल मथुरा में

  • 39 घायल बलदेव सीएचसी में भर्ती हैं

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती

कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह दोस्तों के साथ बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। कोहरे के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया और अचानक सामने से आए वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
वहीं हमीरपुर की नसीमा ने बताया कि वह अपने पति के साथ पानीपत मजदूरी करने जा रही थीं। उनकी बस दूसरी बस से टकराई और उसमें आग लग गई। किसी तरह जान बच गई, लेकिन उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।

यातायात प्रभावित

हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से सुचारू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us