ऑनलाइन ड्रग्स सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
पीजी में रहकर बनाते थे सप्लाई नेटवर्क, स्पा सेंटर में करते थे पार्ट-टाइम नौकरी
नोएडा में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़
नोएडा में नशे का जाल फैलाने वाले दो ड्रग्स तस्करों को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने नारकोटिक्स सेल की टीम के साथ मिलकर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16.25 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों तस्करों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर सर्विलांस टीम को सौंप दिए गए हैं।
नए साल की पार्टियों के लिए बढ़ रही थी सप्लाई
पुलिस के अनुसार ये तस्कर नए साल की पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई की तैयारी कर रहे थे। दिल्ली और अन्य राज्यों से ऑनलाइन नशा मंगवा कर ये वॉट्सऐप और टेलीग्राम के ज़रिए ग्राहकों को डिलीवरी देते थे। इनके साथी होटल, कंपनियों और यूनिवर्सिटी क्षेत्रों में भी सक्रिय थे।
गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान
एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
-
अभिनव प्रताप, उम्र 25 वर्ष, निवासी सेक्टर-116 सोरखा (मूल निवासी मैनपुरी)
-
करन जोशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद
दोनों केवल 12वीं तक पढ़े हुए हैं और किराए के पीजी में कमरा लेकर रहते थे। पुलिस से बचने के लिए ये हर महीने पीजी बदलते रहते थे।
कैसे काम करता था ड्रग्स सप्लाई मॉड्यूल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया:
-
नए ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान,
-
पुराने ग्राहकों से कैश लिया जाता था।
-
असली दस्तावेज कहीं जमा नहीं करते थे ताकि पहचान छुपी रहे।
-
सप्लाई के लिए सीसीटीवी वाले क्षेत्रों से बचते थे और सुनसान जगह बुलाकर माल देते थे।
-
खुद बहुत कम डिलीवरी करते थे, बाकी नेटवर्क के जरिए काम चलता था।
वॉट्सऐप–टेलीग्राम पर चलाते थे ड्रग्स नेटवर्क
आरोपियों ने वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर ग्रुप बनाकर सप्लाई चैन चलाया हुआ था। इनमें ग्राहक और सप्लायर दोनों जुड़े रहते थे। होटल, कंपनियों और यूनिवर्सिटी के पास इनके अन्य साथी भी सक्रिय थे, जो ऑन-डिमांड ड्रग्स सप्लाई का काम संभालते थे।
पार्ट-टाइम नौकरी की आड़ में चलता था कारोबार
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों तस्कर स्पा सेंटर में पार्ट-टाइम नौकरी करते थे। पुलिस को शक है कि वहीं से ये ग्राहकों को चिन्हित कर ड्रग्स बेचते थे। बरामद एमडीएमए को ‘पार्टी ड्रग’ के रूप में जाना जाता है।