चांदी की कीमत ऑल टाइम हाई पर पहुंची: ₹900 चढ़कर ₹1.79 लाख प्रति किलो, सोना भी महंगा हुआ
देश में सोना-चांदी की कीमतों में लगातार उछाल जारी है। 8 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 1 किलो चांदी 900 रुपए महंगी होकर ₹1,79,110 प्रति किलो पर बिक रही है। इससे पहले भाव ₹1,78,210 प्रति किलो था।
सोने में भी तेजी देखने को मिली है। 10 ग्राम सोना ₹99 बढ़कर ₹1,28,691 पर पहुंच गया है। बीते हफ्ते सोने में ₹2,001 और चांदी में ₹13,851 की तेजी दर्ज की गई थी। सोना इससे पहले 17 अक्टूबर को ₹1,30,874 का रिकॉर्ड हाई बना चुका है।
अलग-अलग शहरों में रेट्स अलग क्यों होते हैं?
IBJA के रेट में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता। यही कारण है कि अलग-अलग शहरों में सोना-चांदी की कीमतें अलग रहती हैं। कई बैंक, जैसे PNB, गोल्ड लोन की वैल्यू इसी रेट के आधार पर तय करते हैं।
सोने की कीमत बढ़ने के तीन बड़े कारण
1. केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी
दुनिया के कई बड़े बैंक डॉलर पर निर्भरता कम करने के लिए अपने भंडार में सोने का हिस्सा बढ़ा रहे हैं। इससे ग्लोबल मार्केट में सोने की मांग बनी रहती है और कीमतें ऊपर जाती हैं।
2. क्रिप्टो और शेयर बाजार की अस्थिरता
क्रिप्टो में उतार-चढ़ाव और नियमों की सख़्ती के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प चुन रहे हैं, जिसकी वजह से सोने में निवेश बढ़ा है। भारत में शेयर बाजार रिटर्न भी हाल ही में कमजोर रहे हैं। शादी के सीजन ने भी मांग को और बढ़ाया है।
3. सोना एक लॉन्ग-टर्म सेफ एसेट
सोना नष्ट नहीं होता, इसकी सप्लाई सीमित है और यह महंगाई के समय अपनी वैल्यू को सुरक्षित रखता है। इसलिए निवेशक लंबे समय के लिए सोने को भरोसेमंद मानते हैं।
इस साल सोना-चांदी कितनी महंगी हुई?
2025 में अब तक सोना और चांदी, दोनों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है:
-
सोना 52,529 रुपए महंगा हुआ। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोना ₹76,162 था, जो अब ₹1,28,691 हो गया है।
-
चांदी 93,093 रुपए महंगी हुई। 31 दिसंबर 2024 को 1 किलो चांदी ₹86,017 थी, जो अब ₹1,79,110 हो गई है।
सोना इस साल कितना जा सकता है?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि मौजूदा जियो-पॉलिटिकल तनाव और बढ़ती सुरक्षित निवेश मांग के बीच सोना 2025 में ₹1,35,000 प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
सोना खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें?
हॉलमार्क्ड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा BIS हॉलमार्क वाला गोल्ड लें। हॉलमार्क का अल्फ़ान्यूमेरिक कोड (जैसे AZ4524) सोने की शुद्धता की पुष्टि करता है।
कीमत और वजन क्रॉस चेक करें
सोने का रेट 24K, 22K और 18K के हिसाब से अलग होता है। खरीदते समय IBJA वेबसाइट या विश्वसनीय स्रोतों से कीमत की पुष्टि कर लें।