पाकिस्तान में एड्स के मामलों में खतरनाक वृद्धि: एक साल में 48,000 नए केस
पाकिस्तान में एड्स के मामलों में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ल्ड एड्स डे के मौके पर WHO से संबद्ध संस्था UNAIDS द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले 15 वर्षों में देश में HIV संक्रमण के मामलों में 200% की वृद्धि हुई है। 2010 में पाकिस्तान में लगभग 16,000 नए HIV केस सामने आए थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 48,000 पहुँच गई है। यह आंकड़े बताते हैं कि संक्रमण अब सिर्फ हाई-रिस्क समूहों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता के बीच भी तेजी से फैल रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, अब HIV बच्चों, महिलाओं, खासकर पत्नियों, और सामान्य आबादी में भी पाया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण बढ़ने की मुख्य वजह स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही है। कई अस्पतालों और क्लीनिकों में खून चढ़ाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। इसके अलावा, एक ही इंजेक्शन का बार-बार उपयोग, संक्रमण रोकने के दिशानिर्देशों की अनदेखी, गर्भवती महिलाओं की HIV जांच में कमी और असुरक्षित यौन संबंध मामलों को और बढ़ा रहे हैं।
विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यदि स्वास्थ्य प्रणाली में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।