वर्ल्ड चैंपियन भारतीय विमेंस ब्लाइंड टीम की पीएम मोदी से मुलाकात साइन किया बैट गिफ्ट, पीएम ने लड्डू खिलाकर किया स्वागत
पहली बार आयोजित ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ मुलाकात की और पूरे टीम की ओर से साइन किया हुआ बैट पीएम को भेंट किया। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने खुद बॉल पर हस्ताक्षर किए और ट्रॉफी उठाकर जश्न मनाया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए लड्डू खिलाकर स्वागत भी किया।
भारत बना पहला विमेंस ब्लाइंड T-20 वर्ल्ड चैंपियन
23 नवंबर को कोलंबो में खेले गए फाइनल में भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। यह टूर्नामेंट 11 नवंबर को दिल्ली से शुरू हुआ था, जिसमें भारत सहित नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और अमेरिका ने हिस्सा लिया। समूह चरण में सभी टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेले, जिसके बाद शीर्ष चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अंतिम मुकाबला भारत और नेपाल के बीच हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज कर इतिहास लिखा।
देश के 9 राज्यों से बनी टीम
भारतीय टीम की कप्तानी कर्नाटक की दीपिका टीसी ने की। टीम में कुल 16 प्लेयर्स थीं, जो देश के 9 राज्यों—कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम और बिहार से चुनी गईं। खिलाड़ियों को क्रिकेट से परिचय स्कूलों, NGO और कम्युनिटी कैम्प्स के जरिए कराया गया था, जहाँ से उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आई।
कैसे खेला जाता है ब्लाइंड क्रिकेट?
ब्लाइंड क्रिकेट साधारण क्रिकेट से थोड़ा अलग होता है। इसमें प्लास्टिक बॉल का उपयोग किया जाता है, जिसके अंदर लोहे की बैरिंग लगी होती है ताकि टप्पा खाने पर आवाज सुनाई दे।
टीम में 3 तरह की प्लेयर्स होती हैं—
-
B1: पूरी तरह से ब्लाइंड
-
B2 और B3: आंशिक दृष्टि वाली
टीम में तीनों श्रेणियों की खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है। गेंदबाजी अंडरआर्म होती है, वहीं B1 बल्लेबाज रनर की मदद से रन पूरा करती हैं और उनके हर रन को 2 रन माना जाता है।
भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट की दोहरी चमक
पुरुष ब्लाइंड टीम पहले ही वनडे व टी-20 वर्ल्ड कप कई बार जीत चुकी है, लेकिन महिलाओं ने पहली बार विश्व खिताब जीतकर एक नया इतिहास रचा। इसी महीने 2 नवंबर को एबल्ड भारतीय महिला टीम ने भी वर्ल्ड कप जीता था। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका को हराया था।