इंडिया गेट पर हिड़मा समर्थक नारे और चिली स्प्रे हमला: 15 से अधिक प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
प्रदूषण विरोध प्रदर्शन के बहाने नक्सली समर्थन के नारे लगे, दिल्ली पुलिस सतर्क
दिल्ली के इंडिया गेट पर रविवार 23 नवंबर को प्रदूषण के खिलाफ आयोजित एक प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने न सिर्फ पुलिसकर्मियों पर चिली स्प्रे से हमला किया, बल्कि कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा के समर्थन में नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों के इस कदम से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी शुरुआत में राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ मार्च कर रहे थे। लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने “तुम कितने हिड़मा मारोगे, हर घर से हिड़मा निकलेगा” जैसे उग्र नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे स्थिति बिगड़ गई।
पुलिस ने कार्रवाई की, दो FIR दर्ज; 15 से ज्यादा गिरफ्तार
इंडिया गेट सर्कल पर जाम लगाने और पुलिस को चिली स्प्रे से निशाना बनाने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मौके पर तैनात अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया और कई को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, दो अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई है:
1. कर्तव्यपथ थाना FIR
इन आरोपों के तहत केस दर्ज:
-
BNS धारा 74
-
धारा 79
-
धारा 105(2)
-
धारा 132
-
धारा 221
-
धारा 223
-
धारा 6(2)
2. संसद मार्ग थाना FIR
इन धाराओं के तहत अन्य प्रदर्शनकारी गिरफ्तार:
-
BNS धारा 223A
-
धारा 132
-
धारा 221
-
धारा 121A
-
धारा 126(2)
-
धारा 3(5)
अभी तक 15 से अधिक प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, और पुलिस अन्य शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ प्रदूषण विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं, बल्कि इसमें उग्र वामपंथी तत्वों की संभावित भूमिका भी दिखाई देती है, जिसकी जांच की जा रही है।
प्रदूषण विरोध प्रदर्शन में नक्सल समर्थन की एंट्री ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली में प्रदूषण हर साल बड़ा मुद्दा बनता है, लेकिन इस बार स्थिति तब और संवेदनशील हो गई जब प्रदर्शन में नक्सली विचारधारा के पोस्टर और नारे दिखाई दिए।
सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं कि क्या यह प्रदर्शन किसी संगठित समूह द्वारा प्रभावित या निर्देशित था।
माहौल गर्म, पुलिस अलर्ट पर
हालांकि इलाके में तेजी से शांति बहाल कर दी गई, लेकिन राजधानी में ऐसी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बन गई हैं। इंडिया गेट जैसे हाई-प्रोफाइल स्थान पर हिंसक गतिविधि और नक्सली समर्थन के नारे लगना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।