क्रेडिट कार्ड से खर्च करने के मामले में नोएडा-गुरुग्राम सबसे आगे
-त्योहारी सीजन में क्रेडिट कार्ड से खरीदारी में नोएडा दूसरे स्थान पर
–25 लाख से कम आबादी वाले शहरों में शामिल नोएडा, 71 प्रतिशत अधिक खरीदी
त्योहारी सीजन में क्रेडिट कार्ड से खर्च करने के मामले में नोएडा देश में दूसरे नंबर पर है। एसबीआई की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम 135 प्रतिशत की बढ़त के साथ इस मामले में पहले नंबर पर शुमार है। यह दोनों ही शहर दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में 25 लाख से कम की आबादी में शामिल हैं।
एसबीआई ने त्योहारी सीजन (सितंबर-अक्तूबर) के दौरान क्रेडिट कार्ड से खर्च के मामलों में शहर की आबादी के अनुसार पिछले साल से इस साल की तुलनात्मक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में 25 लाख से कम आबादी वाले करीब 20 शहर शामिल हैं। इनमें दिल्ली एनसीआर के नोएडा, गुरुग्राम समेत तीन शहर हैं। इन सभी 20 शहरों में त्योहारी सीजन के दौरान क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने के मामले में गुरुग्राम पहले स्थान पर है। गुरुग्राम ने 2024 के त्योहारी सीजन (सितंबर-अक्तूबर) की तुलना में 2025 के त्योहारी सीजन में 135 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है। इसमें तुलनात्मक रूप से 157 प्रतिशत प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) से तो वहीं ई कॉमर्स के जरिये 124 प्रतिशत ज्यादा खरीदारी हुई है। इससे कुल 135 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
इसी तरह नोएडा में कुल खरीदारी पीओएस से 25 प्रतिशत बढ़ी तो वहीं ई कॉमर्स के जरिये खरीदी में 93 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे पिछले साल की तुलना में कुल खरीदी में वृद्धि इस साल 71 प्रतिशत बढ़ गई है। यह 25 लाख से कम की आबादी वाले शहरों में क्रेडिट कार्ड से खर्च करने के मामले में दूसरे नंबर पर शुमार है।
25-50 लाख वाली आबादी में दिल्ली और गाजियाबाद शामिल
एसबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 25 से 50 लाख की आबादी वाले शहरों में क्रेडिट कार्ड से खर्च करने के मामले में दिल्ली एनसीआर के शहर गाजियाबाद चौथे नंबर पर रहा। महाराष्ट्र का ठाणे नंबर वन पर शुमार है। इसमें दिल्ली भी इस आबादी की कैटेगिरी में शामिल है। दिल्ली में क्रेडिट कार्ड से खर्च करने के मामले में 23 प्रतिशत की ही वृद्धि हुई है।
प्रदेश के खजाने में नोएडा का प्रमुख योगदान
रिपोर्ट में कहा गया है कि त्योहारी सीजन के दौरान हुई खरीदी से नवंबर के आने वाले जीसएटी कलेक्शन में वृद्धि होगी। इससे नोएडा से भी मिलने वाले टैक्स में बढ़ोत्तरी की उम्मीद है। प्रदेश में जीएसटी देने वाले में प्रमुख जिलों में गौतमबुद्ध नगर भी शामिल है। इसमें नोएडा का प्रमुख स्थान है, क्योंकि यहां पर कंपनियां और औद्योगिक गतिविधियां सबसे ज्यादा है।
अब समझें टॉप पांच शहरों की स्थिति
क्रेडिट कार्ड से खरीदी के मामले में 25 लाख से कम आबादी वाले टॉप पांच शहर
शहर का नाम पीओएस ई-कॉमर्स कुल (वृद्धि प्रतिशत में)
गुरुग्राम 157 124 135
नोएडा 25 93 71
फरीदाबाद 7 69 50
चंडीगढ़ 4 27 16
वारांगल (तेलंगाना ) 1 25 15
25-50 लाख तक की आबादी वाले टॉप पांच शहर
शहर का नाम पीओएस ई-कॉमर्स कुल (वृद्धि प्रतिशत में)
ठाणे 11 203 128
साउथ 24 परगना 6 130 82
उत्तर 24 परगना 24 114 78
पुणे 4 129 73
गाजियाबाद 1 112 69
नोएडा शहर प्रदेश की आर्थिक राजधानी है, यहां तमाम बड़े नेता, उद्योगपति और प्रमुख व्यापारियों समेत उद्योग व आईटी कंपनियां हैं, यही कारण है यहां की आर्थिक तेजी लगातार देखी जा रही है। त्योहारी सीजन में प्रदेश में इस बार कुल जीएसटी बढ़ने का अनुमान है। इससे नोएडा से भी मिलने वाले जीएसटी संग्रह में तेजी आएगी
–विकास जैन, अध्यक्ष, युवा व्यापार मंडल, यूपी
पहले भी यह अनुमान लगाया गया था कि शहर में अच्छी खासी खरीदारी बाजारों में देखी जा रही है, यही कारण है कि इसका रिजल्ट इतना सुनहरा देखने को मिल रहा है।
–सुशील कुमार जैन, अध्यक्ष, सेक्टर 18 मार्केट एसोसिएशन