बिहार में आज 10वीं बार CM बनेंगे नीतीश कुमार; गांधी मैदान में होगा भव्य शपथ ग्रहण, पुराने चेहरे फिर दिखेंगे कैबिनेट में

Share your love

बिहार की राजनीति आज एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेगी, जब जनता दल (यू) के नेता नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में होने वाला यह भव्य शपथ ग्रहण समारोह एनडीए के लिए शक्ति प्रदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।

बुधवार को एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफ़ा सौंपकर नए सरकार गठन का दावा किया। उनकी नई कैबिनेट में ज्यादातर पुराने चेहरे ही बनाए रखने के संकेत हैं। भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया है, जिससे दोनों के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।

मंत्रिमंडल में इस बार एनडीए के सहयोगी दलों—चिराग पासवान की लोजपा(आर), उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो और जीतन राम मांझी की हम—के नए चेहरों को जगह मिलने की उम्मीद है।

शपथ ग्रहण से पहले जदयू और भाजपा दोनों दलों ने अपने-अपने विधायक दल की बैठकें कीं। भाजपा की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य और सह-पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल की मौजूदगी में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के नामों की घोषणा की गई।

गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमित शाह पटना पहुंच चुके हैं और उन्होंने नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट संरचना पर चर्चा भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us