डॉ. उमर की नई ‘फिदायीन फैक्ट्री’ का खुलासा: वीडियो से ब्रेनवॉश कर रहा था 11 युवाओं को
जांच में पता चला—70 से ज्यादा कट्टरपंथी वीडियो मिले, 12 खुद उमर ने शूट किए थे
I-20 कार दिलाने वाला आमिर रशीद भी ‘ब्रेनवॉश मॉड्यूल’ का हिस्सा बनाया गया था
दिल्ली के लाल किले के सामने विस्फोटक से भरी कार उड़ाने वाले आतंकी डॉ. उमर नबी को लेकर जांच एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है। NIA की जांच में पता चला है कि उमर अकेला हमला करने नहीं आया था, बल्कि वह कई और सुसाइड बॉम्बर तैयार करने का नेटवर्क खड़ा कर रहा था। उसके फोन, चैट्स और डिजिटल सामग्री से यह साफ हुआ है कि वह युवाओं को ब्रेनवॉश करने के लिए लगातार वीडियो भेजता था।
NIA को गिरफ्तार आरोपियों के फोन से 70 से ज्यादा कट्टरपंथी वीडियो मिले हैं, जिनमें 12 वीडियो खुद उमर ने शूट किए थे। ये वीडियो 11 युवाओं को भेजे गए थे—जिनमें से 7 कश्मीरी मूल के हैं और सभी का संबंध अल-फलाह यूनिवर्सिटी से निकला है। बाकी 4 युवक उत्तर प्रदेश, केरल और कर्नाटक के हैं, जिनसे भी पूछताछ जारी है।
आतंकी आमिर रशीद को भी बनाया जा रहा था ‘फिदायीन उम्मीदवार’
जांच में यह भी सामने आया है कि आमिर रशीद अली, जिसने उमर को I-20 कार उपलब्ध कराई थी, खुद आत्मघाती हमला करने के लिए तैयार नहीं था।
लेकिन उमर ने उसे भी उसी तरह के ब्रेनवॉश वीडियो भेजे थे।
एजेंसियों का मानना है कि उमर पूरी फिदायीन टीम बना रहा था और उसका टारगेट कई राज्यों के युवा थे।
दिल्ली ब्लास्ट से पहले पुलवामा गया था उमर—भाई को दिया था मोबाइल
उमर हमले से करीब दो सप्ताह पहले पुलवामा के कोइल गांव में अपने घर गया था। उसने अपने दो मोबाइल में से
एक फोन अपने भाई जहूर इलाही को दिया और निर्देश दिया कि—“अगर मेरे बारे में कोई खबर आए तो फोन पानी में फेंक देना।”
इसी फोन से वह वीडियो मिला है जिसमें उमर अपने हमले को ‘शहादत का ऑपरेशन’ बता रहा है।
जहूर ने पूछताछ में बताया कि उसने यूनिवर्सिटी से उमर के साथियों की गिरफ्तारी की खबर सुनते ही डरे हुए हालात में फोन तालाब में फेंक दिया था। फोन पानी में खराब हो चुका था, लेकिन जांच एजेंसियां एक वीडियो रिकवर करने में सफल रहीं।
वीडियो में क्या कह रहा था उमर?
वीडियो में उमर टूटी-फूटी अंग्रेजी में कहता है—
“यह सुसाइड नहीं, शहीद होने का ऑपरेशन है… लोग इसे गलत समझ रहे हैं।”
एजेंसियों के मुताबिक उमर कई महीनों से युवाओं को इस विचारधारा की ओर धकेल रहा था।
लाल किला आत्मघाती हमला—15 मौतें, 20 से ज्यादा घायल
10 नवंबर को उमर नबी ने दिल्ली में लाल किले के पास हुंडई I-20 कार में धमाका किया था।
इस हमले में 15 लोगों की जान गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए।
इस आतंकी साजिश में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 5 डॉक्टर हैं—जो अल-फलाह यूनिवर्सिटी और अन्य जगहों से जुड़े हुए हैं।