जेल में रहते हुए भी अनंत सिंह की धमाकेदार जीत, मोकामा सीट 28,600 वोटों से जीती
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मोकामा सीट से एक बार फिर अनंत सिंह का दबदबा कायम रहा। जनतादल यूनाइटेड (JDU) के नेता और बाहुबली छवि वाले अनंत सिंह ने 28,600 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है—और सबसे बड़ी बात यह कि उन्होंने यह चुनाव जेल में रहते हुए जीता है।
यह जीत अनंत सिंह के राजनीतिक करियर में लगातार छठी जीत है, जिससे यह साफ हो जाता है कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र में उनका जनाधार बेहद मजबूत बना हुआ है।
हत्या के आरोप में जेल में बंद, लेकिन जनसमर्थन बरकरार
अनंत सिंह को 2 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि 30 अक्टूबर को मोकामा में जन सुराज पार्टी की रैली के दौरान उसके समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या में उनका हाथ है। मामले की जांच जारी है, परंतु गिरफ्तारी के बावजूद उनके वोट बैंक में कोई कमी नहीं आई और मतदाताओं ने भारी संख्या में उन्हें समर्थन दिया।
अनंत सिंह इसके पहले भी कई बार चुनाव जीत चुके हैं और जेडीयू में शामिल होने से पहले वे निर्दल उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरते थे।
इन उम्मीदवारों को दी मात
अनंत सिंह की जीत एकतरफा रही, उन्होंने कई दिग्गज और स्थानीय उम्मीदवारों को पीछे छोड़ा। प्रमुख रूप से पीछे रहने वाले उम्मीदवारों में शामिल हैं—
अनिल कुमार (निर्दलीय)
डॉ. राजेश कुमार रत्नाकर (AAP)
मंजू कुमारी (पंचपौनीया समाज पार्टी)
प्रियरदर्शी पीयूष (जन सुराज पार्टी)
राहुल कुमार (लोकहित अधिकार पार्टी)
वीणा देवी (RJD)
विकास कुमार (निर्दलीय)
पिछले चुनाव में भी रहा था प्रभावी प्रदर्शन
पिछली विधानसभा चुनाव में राजद के अनंत कुमार सिंह ने 35,757 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि जेडीयू के राजीव लोचन नारायण सिंह दूसरे स्थान पर रहे थे।