“भारत और अफगानिस्तान से दो मोर्चों पर जंग को तैयार”: पाकिस्तान के मंत्री ख्वाजा आसिफ का भड़काऊ बयान

Share your love

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत और अफगानिस्तान को लेकर भड़काऊ बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान अब “दो मोर्चों पर जंग (Two-Front War)” के लिए पूरी तरह तैयार है। आसिफ के इस बयान ने दक्षिण एशिया में तनाव का माहौल और बढ़ा दिया है। एक पाकिस्तानी टीवी चैनल से बातचीत में आसिफ ने कहा, “हम तैयार हैं। हम भारत और अफगानिस्तान, दोनों सीमाओं पर मुकाबला करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। अल्लाह ने हमें पहले भी मदद की थी और इस बार भी करेगा।” उन्होंने आगे कहा, “अगर वे (भारत और अफगानिस्तान) अंतिम राउंड चाहते हैं, तो हमारे पास युद्ध के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा।”

ख्वाजा आसिफ का यह बयान उस समय आया है जब हाल ही में नई दिल्ली में कार ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जोड़ा है। इस घटना के बाद भारत में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। आसिफ ने पहले भी कई बार बिना किसी सबूत के भारत पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया था कि “काबुल भारत का प्रॉक्सी युद्ध लड़ रहा है” और दुरंड लाइन के पास भारत की गतिविधियाँ पाकिस्तान के खिलाफ हैं। उनका यह बयान पाकिस्तान के भीतर भी आलोचना का कारण बना है। कई विश्लेषकों का मानना है कि आसिफ की यह बयानबाज़ी देश के अंदर चल रहे राजनीतिक और आर्थिक संकट से ध्यान भटकाने की कोशिश है। इससे पहले, इस्लामाबाद में हुए एक धमाके के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने कहा था कि इसमें “भारत समर्थित समूहों” का हाथ है। जबकि तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी खुद ली थी, जिसमें 12 लोग मारे गए।

भारतीय सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की यह “दो मोर्चों की युद्ध नीति” केवल राजनीतिक बयानबाज़ी है, क्योंकि उसकी अर्थव्यवस्था और सैन्य स्थिति वर्तमान में किसी बड़े संघर्ष की अनुमति नहीं देती। फिलहाल, भारत सरकार ने आसिफ के बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन राजनयिक सूत्रों ने इसे “उकसावे की रणनीति” बताया है।

navya seth
navya seth
Articles: 306

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us