नोएडा की सड़कों पर गूगल मैप बताएगा लाइव स्पीड लिमिट
तेज रफ्तार पर मिलेगा रेड अलर्ट, सड़क दुर्घटनाएं कम करने की नई पहल
गौतमबुद्ध नगर में ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए पुलिस ने एक नई तकनीकी व्यवस्था शुरू की है। अब गूगल मैप पर शहर की 160 सड़कों की तय स्पीड लिमिट लाइव दिखाई देगी। अगर वाहन निर्धारित सीमा से तेज चलेगा, तो मैप पर रेड अलर्ट दिखाई देगा, जिससे चालक को तुरंत गति कम करने की चेतावनी मिलेगी।
इस योजना की शुरुआत डीजीपी राजीव कृष्णा ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से की। यह सुविधा लागू करने वाला गौतमबुद्ध नगर प्रदेश का पहला जिला बन गया है। इस सिस्टम को लेपटॉन सॉफ्टवेयर कंपनी ने बनाया है और गूगल मैप इसका प्लेटफॉर्म दे रहा है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि “विजन सेफ रोड” के तहत यह पहल की गई है। जिले की मुख्य और अंदरूनी सड़कों का निरीक्षण कर वहां की दुर्घटनाओं का आकलन किया गया, जिसके बाद तय स्पीड लिमिट गूगल मैप पर जोड़ी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जनपद में 53% सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीडिंग के कारण होती हैं, इसलिए यह तकनीक लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक करेगी।
अब वाहन चालक मोबाइल पर गूगल मैप खोलते ही सड़क की स्पीड लिमिट देख सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करेगी ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।
मुख्य सड़कें और गति सीमा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे: हल्के वाहन – 100 किमी/घंटा, भारी वाहन – 80 किमी/घंटा
MP-1, MP-2, DSC मार्ग: हल्के वाहन – 80 किमी/घंटा
MP-2 एलिवेटेड रोड: 80 किमी/घंटा