रिटायर्ड सैनिक भाइयों से रियल एस्टेट में निवेश का झांसा देकर 40 लाख की ठगी

Share your love
प्रॉपर्टी डील के नाम पर आरोपियों ने रिटायर्ड वायुसेना और नौसेना कर्मियों से वसूले रुपये

नोएडा में रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर वायुसेना और नौसेना से रिटायर्ड दो भाइयों के साथ 40.70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला समेत तीन लोगों ने निवेश का लालच देकर लाखों रुपये हड़प लिए और अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने कोर्ट के आदेश पर फेज-1 थाने में केस दर्ज कराया है।
गाजियाबाद के राहुल विहार निवासी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि वह भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड हैं और वर्तमान में अपने भाई आशीष कुमार पांडेय (जो नौसेना से रिटायर्ड हैं) के साथ रियल एस्टेट के काम में जुड़े हैं। दोनों भाइयों ने नोएडा सेक्टर-2 में जेवर लैंड इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी खोली थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात अनिल कुमार और अरुणा यादव से हुई, जिन्होंने खुद को एक प्राइवेट कंपनी का संचालक बताया और भरोसा दिलाया कि उनके पास प्रॉपर्टी खरीदने वाले कई ग्राहक हैं।
आरोपियों ने कहा कि अगर दोनों भाई उनकी कंपनी में कुछ निवेश करें, तो उन्हें बड़ा मुनाफा दिलाया जाएगा। इसी बहाने उन्होंने अरुणा यादव के खाते में सात लाख रुपये और बाद में अन्य खातों में कई बार में रकम ट्रांसफर कराई। धीरे-धीरे पीड़ित भाइयों से कुल 40 लाख 70 हजार रुपये विभिन्न खातों में जमा करवा लिए गए।
जब पीड़ितों ने मुनाफे और मूल धन की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us