रेकी कर बंद घरों को बनाते थे निशाना, दिल्ली से आए दो चोर और सुनार गिरफ्तार

Share your love
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात, नोएडा में तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा

नोएडा पुलिस ने सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो चोरों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी दिल्ली से आकर नोएडा के सेक्टर और सोसायटियों में कार से रेकी कर बंद घरों को निशाना बनाते थे।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, रंगेहाथ गिरफ्तार

सेक्टर-11 और 12 में लगातार चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें आरोपियों की कार दिखाई दी। पुलिस ने कार की पहचान की और गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-11 चौराहे के पास से गोपाल (बुलंदशहर) और पप्पू (कल्याणपुरी, दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पास से चोरी के गहने, तीन महंगी घड़ियां, नकद ₹11,000, दो फर्जी नंबर प्लेट, एक कार और दो चाकू बरामद हुए।

फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को करते थे गुमराह

आरोपी चोरी के रुपये से खरीदी गई आई-10 कार से वारदात करते थे। पुलिस के अनुसार, ये लोग सड़कों पर खड़ी अनजान गाड़ियों के नंबर नोट करते और उन्हीं नंबरों से फर्जी प्लेट बनाकर अपनी कार पर लगा लेते थे।
इससे जब पुलिस फुटेज में दिखे नंबरों को ट्रेस करती, तो किसी निर्दोष व्यक्ति तक पहुंच जाती। इस तरीके से आरोपी लंबे समय तक पकड़ से बाहर रहे।

सुनार खरीदता था चोरी का सोना

पुलिस जांच में सामने आया कि गोपाल और पप्पू चोरी का सोना मुकेश नामक सुनार को बेचते थे। मुकेश कल्याणपुरी (पूर्वी दिल्ली) में ज्वेलरी की दुकान चलाता है और वह चोरी का माल सस्ते दामों में खरीदकर आगे बेच देता था। पुलिस ने मुकेश को भी गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा में तीन वारदातों की कबूली

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने नोएडा में तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। वे बंद घरों के ताले तोड़कर गहने, नकदी और कीमती सामान चोरी करते थे। पकड़े जाने पर लोगों को डराने के लिए चाकू भी रखते थे।

तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया

सेक्टर-24 पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब चोरी किए गए बाकी माल और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us