शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 80 वर्षीय बुजुर्ग से 71 लाख की ठगी

Share your love

वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए दी गई ‘ट्रेडिंग ट्रेनिंग’, फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर लूटा गया पैसा

नोएडा के सेक्टर-78 में रहने वाले 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक के साथ साइबर अपराधियों ने बड़ा फर्जीवाड़ा किया है। शेयर बाजार में मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगों ने बुजुर्ग से करीब 71 लाख रुपये हड़प लिए।

वॉट्सऐप पर महिला ने की दोस्ती, फिर फंसाया जाल में

पीड़ित राकेश जैन ने पुलिस को बताया कि 1 अक्टूबर को उनकी बातचीत पूजा मल्होत्रा नाम की महिला से वॉट्सऐप पर शुरू हुई। महिला ने पहले बुजुर्ग का विश्वास जीता, फिर शेयर मार्केट में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का दावा किया। कुछ दिनों की बातचीत के बाद उसने जैन को एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया, जहां उन्हें ट्रेडिंग के टिप्स और ट्रेनिंग दी गई।

फर्जी ऐप के जरिये की गई ठगी

ठगों ने बुजुर्ग को Fyers SNI नाम का ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा, जो बेंगलुरु की असली ब्रोकरेज फर्म Fyers Securities से मिलता-जुलता था। ऐप पर फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराई गई और निवेश शुरू करवाया गया। शुरुआत में ठगों ने कुछ मुनाफा लौटाकर भरोसा बढ़ाया, जिसके बाद बुजुर्ग ने कुल 10 ट्रांजैक्शन में 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

लोन और टैक्स के नाम पर निकाले रुपये

ठगों ने पीड़ित को Midwest IPO में निवेश करने के लिए 40 लाख रुपये का फर्जी लोन भी दिलवाया। जब जैन ने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो उनसे पहले 10 लाख रुपये लोन चुकाने और फिर टैक्स जमा करने की मांग की गई। लगातार बहाने बनाकर उनसे कई किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई।

ग्रुप से निकाला, कॉल्स बंद कर दीं

जब जैन ने 31 अक्टूबर को पूजा मल्होत्रा से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने कॉल उठाना बंद कर दिया और उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप से हटा दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सारे रुपये सेक्टर-77 स्थित अपने बैंक से ट्रांसफर किए थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

साइबर थाने की पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने असली ब्रोकरेज फर्म के नाम से मिलते-जुलते ऐप का इस्तेमाल कर बुजुर्ग को विश्वास में लेकर ठगी की। पुलिस अब वॉट्सऐप नंबरों और बैंक खातों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us