लातूर में तलवार से हमला, CCTV वीडियो वायरल होने पर दहशत का माहौल
महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक युवक पर तलवार से किए गए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना बुधवार देर रात नाइक चौक इलाके में हुई, जिसके बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया है। लगातार बढ़ रही धारदार हथियारों से हिंसा की घटनाओं ने लोगों में भय और असुरक्षा की भावना को बढ़ा दिया है। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि 3 से 4 लोगों का एक समूह एक युवक को घेर लेता है और पहले उसे बुरी तरह पीटता है। इसके बाद हमलावरों ने तलवार से वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को विलासराव देशमुख शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं रुग्णालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, हालांकि सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है और इलाके में नाकेबंदी की गई है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी लातूर में इसी तरह की एक घटना हुई थी, जिसमें कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर दरांती से हमला किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और पुलिस को गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद लातूर में लोग देर रात घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर नागरिकों में गुस्सा और आक्रोश है। प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधों पर तुरंत लगाम लगाई जाए ताकि शहर में शांति और सुरक्षा कायम रहे।