नोएडा में डेंगू का कहर: एक महीने में 190 नए मरीज, स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पर उठे सवाल
जिले में अब तक 609 मामले दर्ज, लोगों में बढ़ी दहशत — फॉगिंग और सर्वे में लापरवाही के आरोप
नोएडा में डेंगू संक्रमण तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को 5 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि मंगलवार को 11 मामले सामने आए थे। विभाग जहां 2027 तक डेंगू खत्म करने का लक्ष्य बता रहा है, वहीं बढ़ते मामलों ने उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से 3 अक्टूबर तक जिले में कुल 419 डेंगू मरीज दर्ज किए गए थे, जबकि 5 नवंबर तक यह संख्या बढ़कर 609 तक पहुंच गई। यानी केवल एक महीने में करीब 190 नए मामले सामने आए हैं। मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि अब तक एक व्यक्ति की मौत डेंगू से हो चुकी है, जबकि तीन अन्य मौतों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते एंटी-लार्वा छिड़काव और जागरूकता अभियान चलाए गए होते तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। शहर और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह पानी जमा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। कई मोहल्लों में फॉगिंग ठीक से नहीं की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि टीमें सक्रिय हैं और फॉगिंग व सर्वे का काम लगातार जारी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों में पानी जमा न होने दें और बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।
पिछले तीन सालों के डेंगू के आंकड़े:
2023-24: 993 मामले
2024-25: 604 मामले
2025 (अब तक): 609 मामले